अमर उजाला ब्यूरो
सिरसा।
हरियाणा के सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता, अनुसूचित जाति एवं पिछड़ा वर्ग कल्याण विभाग राज्य मंत्री कृष्ण कुमार बेदी की अध्यक्षता में सोमवार को स्थानीय पंचायत भवन में जिला लोक संपर्क एवं कष्ट निवारण समिति की मासिक बैठक में कुल 28 मामलों की सुनवाई करते हुए 17 मामलों का निपटारा मौके पर ही कर दिया गया तथा शेष 11 मामलों को अगली बैठक में रखने के निर्देश दिए गए।
द आदर्श जमाल दुग्ध उत्पादन सहक ारी समिति गांव जमाल की शिकायत पर मंत्री ने एलडीएम को निर्देश दिए कि वे मिल्क प्लांट के अधिकारियों का वेतन रोक दें और जब तक शिकायतकर्ता की अदायगी न हो वेतन न दिया जाए। साथ ही एक उपभोक्ता को जान से मारने की धमकी देने वाले राशन डिपो होल्डर के खिलाफ केस दर्ज करवाने के लिए एसपी को निर्देश दिए।
इस बैठक में बलकार सिंह निवासी वार्ड नंबर 14 रानियां की शिकायत थी कि शिकायतकर्ता के स्टेट बैंक ऑफ रानियां में छह खाते हैं और उसने पांच लाख रुपये का ऋण लिया था। बैंक ने उसके खाता से 25 हजार रुपये उसके बिना पूछे निकालकर बीमा करवा दिया गया और बैंक द्वारा कई तरह से उसे बेवजह परेशान किया गया। दोषी बैंक अधिकारी और कर्मचारियों के विरुद्ध कार्रवाई करने की मांग की गई। इस पर उसे बकाया राशि बैंक द्वारा दे दी गई तथा मंत्री ने उपायुक्त से एसीएस को रिपोर्ट भेजने और जो अधिकारी दोषी हैं उसके खिलाफ कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
रोहताश, सुबे सिंह सदस्य द आदर्श जमाल दुग्ध उत्पादन सहक ारी समिति गांव जमाल की शिकायत थी कि सीओ मिल्क प्लांट द्वारा उसे समय पर अदायगी नहीं की जाती, जिससे उसे काफी परेशानी का सामना करना पड़ता है। अध्यक्ष ने इस पर कार्रवाई करते हुए एलडीएम को निर्देश दिए कि वे मिल्क प्लांट के अधिकारियों का वेतन रोक दें और जब तक शिकायतकर्ता की अदायगी न हो वेतन न दिया जाए। इसके साथ ही सीओ मिल्क प्लांट को प्रार्थी की अदायगी करने के निर्देश भी दिए।
अमीलाल पुत्र उदमी राम निवासी तरकांवाली की भूमि बंटवारे की शिकायत पर कार्रवाई करते हुए मंत्री ने हरियाणा बीज विकास निगम के अध्यक्ष पवन बेनीवाल और जिलाध्यक्षा महिला मोर्चा निताशा सिहाग को इस बारे जांच कर अगली बैठक में रखने के निर्देश दिए। इसी प्रकार संदीप बेनीवाल कीर्ति नगर सिरसा की शिकायत को भी अगली बैठक में शिकायतकर्ता के भाई को उपस्थित करने के निर्देश दिए। भीम सिंह निवासी नथौर की शिक्षा विभाग से संबंधित शिकायत थी कि उसके गांव में चौ. बलराम इंटरनेशन स्कूल पिछले कई सालों से खुला है और यह स्कूल बिना मान्यता के चल रहा है तथा इसमें कोई सुविधा नहीं है, केवल स्कूल संचालक द्वारा मोटी फीस वसूल की जा रही है, कार्रवाई करने की मांग की। इस पर कार्रवाई करते हुए अध्यक्ष ने इसे जांच पड़ताल कर अगली बैठक में रखने के निर्देश दिए।
जीत सिंह, बलबीर कौर निवासी कुत्ताबढ़ की शिकायत जिला खाद्य एवं आपूर्ति नियंत्रक से संबंधित थी कि उनके गांव में दो डिपो धारक है जब वे राशन लेने जाते हैं तो कुछ न कुछ बहाना बना कर राशन नहीं देते और राशन ब्लैक में बेच देते हैं और उन्हें जान से मारने की धमकियां देते हैं। इस पर मंत्री ने उपायुक्त को निर्देश दिए कि वे डिपो से संबंधित मामले की जांच करें तथा पुलिस अधीक्षक को निर्देश दिए कि वे एफआईआर दर्ज कर जांच करें और डिपो होल्डर के खिलाफ मामला दर्ज करें।
ग्राम पंचायत एवं ग्रामवासी नथौर की पेयजल से संबंधित समस्या का समाधान करते हुए मंत्री ने अतिरिक्त उपायुक्त को निर्देश दिए कि वे संबंधित अधिकारियों को लेकर इस मामले में जांच कर पेयजल समस्या का समाधान करवाएं। इसके साथ ही भूरा सिंह निवासी रघुआना की पीने के पानी की शिकायत पर सुनवाई करते हुए मंत्री ने अधीक्षक अभियंता को निर्देश दिए कि वे पेयजल आपूर्ति सुनिश्चित करें। राजेश कुमार शॉप नंबर 18 ट्रेड टायर मार्केट सिरसा की शिकायत पर कार्रवाई करते हुए मंत्री ने इसे सीएम फ्लाइंग से जांच करवाने के निर्देश दिए। सुरजीत सिंह निवासी मल्लेवाला की अधीक्षक अभियंता जनस्वास्थ्य अभियांत्रिकी परिमंडल सिरसा से संबंधित बिल की अदायगी बारे शिकायत पर सुनवाई करते हुए संबंधित अधिकारी को निर्देश दिए कि वे अगली बैठक में समस्या का समाधान कर रिपोर्ट करें।
राज कुमार पुत्र पतराम निवासी गंजारुपाणा की नाबालिग पोती की हत्या मामले की पिछली बैठक की शिकायत पर कार्रवाई करते हुए मंत्री ने पुलिस अधीक्षक को निर्देश दिए कि वे इस मामले को क्राइम विभाग में भेजा जाए, ताकि जांच हो सके। मोतीलाल अग्रवाल एवं समस्त ठाकुर बस्ती वार्ड नंबर 31 की शिकायत थी कि उनके घरों में राइस मिल की चिमनी से धान की जली हुई राखी आती है, जिससे गंदगी फैलती है तथा सांस की बीमारी होने का भय रहता है समस्या का समाधान किया जाए। इस पर कार्रवाई करते हुए अध्यक्ष ने कष्ट निवारण समिति के सदस्य रत्नलाल बामणिया से कहा कि वे संबंधित विभाग के अधिकारी को साथ लेकर मिल में जांच कर राखी को बंद करवाएं और अगली बैठक में रिपोर्ट प्रस्तुत करें।
इसके साथ-साथ बीरबल मेघवाल निवासी हंजीरा, धींगड़ा बुक सेटर, साइबर फोटोस्टेट नजदीक सवेरा रेस्टोरेंट सिरसा, श्याम सुंदर, सुभाष चंद्र निवासी सुखेरा खेड़ा तथा शंकर देवी विधवा स्व. मूलचंद निवासी सुभाष कॉलोनी सिरसा की शिकायतों का निवारण होने पर मंत्री ने इसे फाइल करने के निर्देश दिए। इस बैठक में उपायुक्त प्रभजोत सिंह ने अध्यक्ष का स्वागत करते हुए उपस्थित लोगों को बसंत पंचमी की हार्दिक बधाई दी तथा सबके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक सिमरदीप सिंह, एसडीएम डबवाली रानी नागर, एसडीएम कालांवाली बिजेंद्र सिंह, नगराधीश डॉ. वेद प्रकाश बेनीवाल, सीओ जिला परिषद सुरेंद्र बेनीवाल, जिला विकास एवं पंचायत अधिकारी प्रीतपाल सिंह, जिला भाजपा अध्यक्ष यतिंद्र सिंह एडवोकेट, महिला विकास निगम की अध्यक्षा रेणु शर्मा, माटी कला बोर्ड के अध्यक्ष गुरदेव सिंह राही, हरियाणा बीज विकास निगम के अध्यक्ष पवन बेनीवाल, वरिष्ठ भाजपा नेता देव कुमार शर्मा, शीशपाल कंबोज, रत्नलाल बामणिया, मार्केट कमेटी डबवाली के अध्यक्ष बलदेव सिंह मांगेआना, विरेंद्र सहू, निताशा सिहाग, शीला सहगल, चंद्र प्रकाश बोस्ती, सतीश जग्गा, नक्षत्र सिंह, हितेश खुराना, कौशल्या वर्मा, वीर शांति स्वरूप सहित अनेक कष्ट निवारण समिति के सरकारी और गैर सरकारी सदस्य उपस्थित रहे।
...और सच जुबां पर आ ही गया
मंटोरी लाल उर्फ कपिल जैन निवासी वार्ड 23 रानियां गेट सिरसा की शिकायत थी कि वर्ष 2016 में जरूरत पड़ने पर उन्होंने अपनी भैंस पड़ोसी को दो लाख रुपये में बेची थी, एक माह बाद उसने पैसे देने से इंकार कर दिया। उसकी बकाया राशि दिलाई जाए। मौके पर मौजूद आरोपियों ने कहा कि शिकायतकर्ता झूठ बोल रहा है वे पैसे का भुगतान कर चुके हैं। इस पर शिकायतकर्ता के साथ आई एक महिला ने इससे साफ इंकार कर दिया। मंत्री ने आरोपियों को सच सामने रखने के बारे में कहा। इस बीच आरोपी का एक भाई महिला से कहने लगा कि तेरे से पहले ही कहा था कि बेइज्जती न करवा अब पैसे नहीं है आते ही उसके पैसे दे देंगे। माइक पर इतना सुनते ही हर कोई खूब हंसने लगा। मंत्री ने दोनों पक्षों से कहा कि बाहर जाकर फैसला कर लो।
सुधर जाओ नहीं तो मुझे इलाज करना भी आता है
मंत्री ने जनस्वास्थ्य विभाग और सिंचाई विभाग के अधिकारियों से कहा कि बैठक में सबसे ज्यादा शिकायतें इन दोनों विभागोें की ही आती हैं और अधिकारी शिकायतों को लेकर गंभीर नहीं हैं ऐेसे में मेरी चेतावनी है कि वे सुधर जाए नहीं तो मुझे इलाज करना भी आता है।
मैं सिरसा का गार्जियन भी हूं
मंत्री ने कहा कि वे इस समिति के अध्यक्ष ही नहीं हूं, सिरसा के गार्जियन हूं। हर कोई अपना दुख दर्द उनके पास रख सकता है चाहे वह अधिकारी हो या आम आदमी, लेकिन जनता को परेशान करने वाले अधिकारी को तो छोड़ा ही नहीं जाएगा।