हनुमान हत्याकांड:
परिजनों ने एसपी कार्यालय में किया प्रदर्शन, एसपी ने दिया आश्वासन
सिरसा। चोपटा क्षेत्र के गांव तरकांवाली में गत सात सितंबर को हुए हनुमान हत्याकांड में परिजनों द्वारा हर ओर गुहार लगाने के बाद भी आरोपियों की गिरफ्तारी न होने से नाराज परिजनों ने वीरवार को एसपी कार्यालय में नारेबाजी करते हुए प्रदर्शन किया। एसपी ने कुछ प्रमुख लोगों को कार्यालय में बुलाया और तत्काल उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया, जिसके बाद परिजनों ने धरना उठा लिया।
मृतक हनुमान के पुत्र संदीप तरकांवाली ने बताया कि गांव में अवैध शराब का कारोबार होता है। उसके पिता हनुमान ने इसका विरोध किया, तो उन्हें जान से मार दिया गया। संदीप ने आरोप लगाते हुए कहा कि रमेश गांधी, जोकि हत्याकांड का मुख्य आरोपी है, उसकी एक भाजपा नेता से नजदीकियां है, जिसके चलते पुलिस रमेश गांधी को गिरफ्तार नहीं कर रही है और वह उनके पूरे परिवार को धमकियां दे रहा है। उन्होंने बताया कि सभी आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर वह सीएम, पुलिस महानिदेशक, आईजी सीआईडी से लेकर एसपी तक से मुलाकात कर चुके हैं, लेकिन उसके बावजूद मुख्य आरोपी व अन्यों को गिरफ्तार नहीं किया गया है, केवल चार लोगों को ही गिरफ्तार किया गया है। गुहार लगाने के बाद भी कोई कार्रवाई न होने पर ही परिजनों ने आज एसपी कार्यालय में पहुंचकर रोष का इजहार किया। परिजनों ने साथ ही चेताया है कि अगर आश्वासन के बाद भी कोई कार्रवाई नहीं हुई तो वे आगे कोई ठोस कदम उठाएंगे।