अस्पताल में उपचाराधीन गांव गिदडा का 79 वर्षीय बुजुर्ग नत्थू राम ।
सिरसा। जिले के गांव गिंदड़ा में 79 वर्षीय बुजुर्ग पर उसके बेटे, बहू व पोते ने लाठी से हमला कर दिया। घायल बुजुर्ग का कहना है कि उसका बेटा व बहू उसकी जमीन हड़पना चाहते हैं। उसका पोता बिंद्रपाल हरियाणा पुलिस में सिपाही है और जिला फतेहाबाद में तैनात है। पुलिस ने घायल का बयान दर्ज कर आरोपियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की है।
पुलिस को दिए बयान में गांव गिंदड़ा निवासी नत्थू राम ने बताया कि उसके दो बेटे हैं। वह दोनों बेटों से अलग अपनी पत्नी रामरखी के साथ अलग रहता है। नत्थू राम का कहना है कि उसका बड़ा बेटा बागराम उसकी जमीन हड़पना चाहता है। वीरवार को वह खेत से अपने घर आ रहा था तो बागराम, उसकी पत्नी अनिता, पोते बिंद्रपाल ने हमला कर दिया। इनके हाथों में लाठियां थी। उक्त सभी ने उसे बेरहमी से पीटा। पोता बिंद्रपाल हरियाणा पुलिस में सिपाही है। नत्थू राम का कहना है कि वह काफी बुजुर्ग है उसकी कई हड्डियां टूटी हैं। छोटे बेटे सतबीर ने घायल पिता को इलाज के लिए अस्पताल में दाखिल करवाया। पुलिस नत्थू राम का बयान दर्ज कर आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया गया है।