शहर की सब्जी मंडी में पॉलिथीन के इस्तेमाल को लेकर कार्रवाई करती नपा टीम
- फोटो : Sirsa
केंद्र व प्रदेश सरकार के पॉलिथीन पर प्रतिबंध के बाद भी धड़ल्ले से इस्तेमाल हो रहा है। लगातार मिल रही शिकायतों को देखते हुए नगरपालिका की टीम ने बुधवार को शहर की सब्जी मंडी व नगर पालिका रोड पर स्थित एक होलसेल की दुकान व गोदाम पर छापा मारा। इस दौरान टीम ने करीब 7 क्विंटल पॉलिथीन बरामद किया।
बता दें कि नगरपालिका सचिव ऋषिकेश चौधरी के नेतृत्व में पॉलिथीन के इस्तेमाल पर शहर में पहले की गई कार्रवाई में सबसे बड़ी कार्रवाई है। जिसमें इतनी बड़ी मात्रा में पॉलिथीन को जब्त किया गया है। नगरपालिका सचिव ऋषिकेश चौधरी ने बताया कि शहर में किसी व्यक्ति की ओर से शिकायत की गई थी कि दुकानदारों ने अपनी दुकानों व गोदामों में पॉलिथीन जमा कर रखा है और उसे बेचा जा रहा है। जिसके बाद शिकायत के आधार पर यह कार्रवाई की गई है। कार्रवाई दौरान टीम को एक दुकान से करीब 4 क्विंटल 70 किलोग्राम और एक गोदाम से करीब 2 क्विंटल 30 किलोग्राम पॉलिथीन बरामद हुआ है। नपा सचिव ने कहा कि भारत स्वच्छता मिशन के तहत हम सही दिशा में आगे बढ़ रहे है। पॉलिथीन का इस्तेमाल पर्यावरण व पशुओं के लिए बड़ी समस्या है। इसे देखते हुए नगरपालिका की ओर से कार्रवाई की गई है। जोकि भविष्य में भी इसी तरह जारी रहेगी। शहर में कोई भी दुकानदार पॉलिथीन का इस्तेमाल करता हुआ पाया गया तो उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
इस दौरान नगरपालिका सचिव ऋषिकेश चौधरी, सफाई निरीक्षक अविनाश सिंगला, एमई फूल सिंह, गुरलाल सिंह सहित कई स्टाफ सदस्य मौजूद रहे।