अब तक 09 ट्रैक्टर व 03.10 लाख रुपये नकदी की जा चुकी बरामद
फोटो - 40
संवाद न्यूज एजेंसी
डबवाली। आर्थिक अपराध शाखा डबवाली प्रभारी निरीक्षक रमेश कुमार की टीम ने फर्जी ट्रैक्टर लोन पास करवाकर कंपनी के साथ धोखाधड़ी करने के मामले में आठ माह से फरार चल रहे आरोपी वीरेंद्र को गिरफ्तार किया है।
आर्थिक अपराध शाखा डबवाली प्रभारी निरीक्षक रमेश कुमार ने बताया कि 1 जनवरी 2026 को थाना शहर डबवाली में दर्ज अभियोग के अनुसार आरोपियों ने आपसी मिलीभगत एवं आपराधिक षड्यंत्र के तहत फर्जी दस्तावेज तैयार कर ट्रैक्टरों के लोन स्वीकृत करवाए। जांच में पाया गया कि आवेदन पत्र, आधार कार्ड, वोटर कार्ड तथा अन्य दस्तावेज का सत्यापन आरोपी सूर्य प्रकाश द्वारा किया गया था।
लोन राशि जारी होने के बाद ट्रैक्टरों को वास्तविक लाभार्थियों के पास रखने के बजाय अन्य आरोपियों के साथ मिलकर आगे बेच दिया गया जिससे कंपनी को लाखों रुपये का नुकसान पहुंचाया गया। जांच के दौरान यह भी सामने आया कि जिन व्यक्तियों के नाम पर ट्रैक्टर लोन स्वीकृत करवाए गए थे, उनके पास वर्तमान में कोई ट्रैक्टर मौजूद नहीं है।
वहीं, कई व्यक्ति दिए गए पते पर रहते भी नहीं पाए गए। इससे स्पष्ट हुआ कि आरोपियों ने फर्जी दस्तावेज का उपयोग कर कम्पनी को गुमराह करते हुए धोखाधड़ी की वारदात को अंजाम दिया।
मामले में अपराध शाखा डबवाली ने गहन जांच की और क्रमबद्ध कार्रवाई करते हुए 16.02.2026 को आरोपी सूर्यप्रकाश, 8.06.2026 को आरोपी सुभाष तथा 18.06.2026 को आरोपी अनिल को गिरफ्तार किया था। मामले में वांछित चौथे आरोपी दिनेश को 22 जून 2026 को गिरफ्तार कर लिया ।
इसके उपरांत 19 जुलाई 2026 को मामले में फरार चल रहे पांचवें आरोपी कुलदीप सिंह को गिरफ्तार कर लिया गया जो उक्त आरोपियों से पूछताछ के दौरान 9 ट्रैक्टर व 03 लाख रुपये की नकदी राशि बरामद की गई।
इसी कड़ी में संलिप्त छठे आरोपी वीरेंद्र को गिरफ्तार किया है। आरोपी को न्यायालय में पेश कर एक दिन का पुलिस रिमांड हासिल किया गया। रिमांड अवधि के दौरान आरोपी से पूछताछ के दौरान 10,000 रुपये नकदी भी बरामद की गई है।