दो साल पहले सिरसा की मुख्य सड़कों पर तिरंगा लाइटें लगाई गई थीं
फोटो
संवाद न्यूज एजेंसी
सिरसा। प्रदेश सरकार के आदेश पर दो साल पहले सिरसा की मुख्य सड़कों पर तिरंगा लाइटें लगाई गई थीं। अब रखरखाव के अभाव और मौसम के कारण इनमें से 60 फीसदी लाइटें बंद हो चुकी हैं। इन बंद पड़ी लाइटों से धुंध के समय वाहन चालकों को मिलने वाला लाभ नहीं मिल पा रहा है।
शहर में तिरंगा लाइटों के रखरखाव के लिए मौजूदा समय में कोई टेंडर जारी नहीं हुआ है। लंबे समय से बिना रखरखाव के ये लाइटें खराब हो रही हैं और इन्हें बदला भी नहीं जा सका है। मौसम की मार और बारिश के कारण तिरंगा लाइटें अक्सर खराब हो जाती हैं।
इसके अतिरिक्त, स्ट्रीट लाइट पोल पर लगने वाले होर्डिंग और बैनर भी इन्हें नुकसान पहुंचाते हैं। बार-बार नोटिस जारी होने के बावजूद एजेंसियां पोल पर होर्डिंग लगाना बंद नहीं कर रही हैं। इसका खामियाजा नगर परिषद को भुगतना पड़ता है। नगर परिषद के आंकड़ों के अनुसार, शहर में स्ट्रीट लाइट के 16 हजार पॉइंट हैं। इन सभी पॉइंटों पर तिरंगा लाइटें भी लगी हुई हैं।
रखरखाव में लापरवाही
बड़े स्तर पर लगाई गई इन तिरंगा लाइटों को दुरुस्त करने का कोई टेंडर जारी नहीं हुआ है। इसलिए स्ट्रीट लाइट की मरम्मत करने वाला ठेकेदार भी इन्हें गंभीरता से नहीं लेता है। ठेकेदार के लापरवाह रवैये के कारण भी तिरंगा लाइटें खराब हो जाती हैं। इस ओर नगर परिषद की ओर से कोई ध्यान नहीं दिया जा रहा है। विभागीय सुध न लेने से यह समस्या और बढ़ गई है जिससे लाइटें बंद पड़ी हैं।
प्रमुख सड़कों पर लगीं लाइटें
ये तिरंगा लाइटें मुख्य रूप से शहर की कई महत्वपूर्ण सड़कों पर लगाई गई हैं। इनमें बस स्टैंड से हिसार रोड, बरनाला रोड और डबवाली रोड शामिल हैं। बस स्टैंड से बेगू रोड और रानियां रोड पर भी ये लाइटें लगी हैं। जगदेव सिंह चौक से जनता भवन रोड और डबवाली रोड से रानियां रोड भी इनमें शामिल हैं। महाराणा प्रताप चौक से महिला थाना रोड पर भी तिरंगा लाइटें लगाई गई हैं जो अब बंद पड़ी हैं।
कोटस
तिरंगा लाइट के लिए अब तक कोई प्रोजेक्ट नहीं बनाया गया है। उच्चाधिकारियों के साथ विचार-विमर्श के बाद ही आगामी निर्णय लिया जाएगा। जहां-जहां लाइटें दुरुस्त हो सकती हैं उन्हें ठीक करवाने का प्रयास किया जाएगा। यह सुनिश्चित करेंगे वाहन चालकों को धुंध के समय में परेशानी न हो।
- विक्रम, जेई, नगर परिषद।