संवाद न्यूज एजेंसी
रोड़ी। गांव अलीकां में सिरसा डिपो बस में एचकेआरएन के तहत कार्यरत परिचालक से मारपीट करने, मशीन तोड़ने व नकदी लूटने के मामले में पुलिस ने छह आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों की पहचान गुरपिंद्र सिंह, बलजिंदर सिंह, चमकोर सिंह, संदीप कुमार, संजय कुमार, बलवीर सिंह निवासी अलीकां के रूप में हुई है।
रोड़ी थाना प्रभारी सब इंस्पेक्टर राजबाला ने बताया है कि गांव बप्पा निवासी नरेश कुमार ने पुलिस को दी शिकायत में बताया था कि वह हरियाणा रोडवेज में परिचालक है। सात नवंबर को शाम साढ़े 6 बजे जब वह गांव अलीकां के बस स्टैंड पर यात्रियों को उतारकर सिरसा जाने के लिए बस को पीछे करवा रहा था, तभी किसी ने सिर पर तेजधार हथियार से हमला कर दिया। जब उसने मुड़कर देखा तो अलीकां निवासी संदीप उर्फ लाटु व उसका भाई पोपी, गुरपिन्द्र, प्रदीप, मानखा सहित अन्य युवक अपने हाथों में डंडों लिए हुए थे। उन्होंने उससे मारपीट शुरू कर दी। आरोपी उसके बैग से 30 हजार रुपये लूट ले गए। सरकारी टिकट काटने की मशीन को तोड़ दी। शोर मचाने पर युवकों ने बस में तोड़फोड़ शुरू कर दी और जान से मारने की धमकी देकर फरार हो गए। आरोपियों की गिरफ्तारी को लेकर रोडवेज यूनियन भी थाना प्रभारी से मिली थी और कार्रवाई की मांग की थी।