झारखंड से गाड़ी में सिरसा लेकर आए थे मादक पदार्थ, एक कार कर रही थी गाड़ी को पायलट
मकान मालिक सहित दो आरोपी गिरफ्तार, सूचना के आधार पर पुलिस ने की कार्रवाई
फोटो 8
संवाद न्यूज एजेंसी
सिरसा। सीआईए सिरसा पुलिस ने गांव थेहड़ी बाबा सावन सिंह स्थित एक मकान में छापा मारकर 54 किलो 70 ग्राम डोडा पोस्त व एक किलो 560 ग्राम अफीम बरामद की है। पुलिस ने इस मामले में दो आरोपियों नवजीत और अर्शदीप को गिरफ्तार किया है। दोनों के खिलाफ डिंग पुलिस थाना में मादक पदार्थ अधिनियम के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है।
एसपी दीपक सहारन ने बताया कि सीआईए सिरसा की टीम सोमवार को डिंग क्षेत्र में गश्त कर रही थी। इसी दौरान सूचना मिली कि थेहड़ी सावन सिंह का रहने वाला एक युवक अपने घर से नशीले पदार्थों का धंधा कर रहा है। इसके बाद पुलिस ने मौके पर दबिश दी।
इस दौरान पुलिस को गली में एक युवक दिखाई दिया। उक्त युवक पुलिस को देखकर मकान के अंदर चला गया। पुलिस ने मकान में जाकर युवक को हिरासत में लिया और मकान की तलाशी ली।
तलाशी के दौरान पुलिस को बेड की दराज से काले रंग की पॉलिथीन बरामद हुई जबकि बेड के साथ लगी चारपाई के नीचे सफेद रंग के तीन प्लास्टिक कट्टे मिले। कट्टों को खोलकर देखा तो 54 किलो 70 ग्राम डोडा चूरा पोस्त और पॉलिथीन से एक किलो 560 ग्राम अफीम बरामद हुई।
हिरासत में लिए गए युवक ने पूछताछ में बताया कि उसका नाम नवजीत है। वह इसी गांव का रहने वाला है। आरोपी नवजीत ने तस्करी में शामिल अपने साथी अर्शदीप सिंह का नाम बताया तो सीआईए पुलिस ने उसे भी गिरफ्तार कर लिया।
एसपी दीपक सहारन ने बताया कि आरोपियों ने पूछताछ में बताया है कि वे उक्त नशीले पदार्थ झारखंड क्षेत्र से गाड़ी में लाद कर लाए थे। उनकी गाड़ी को एक कार से पायलट कर सिरसा लाया गया था। डोडा पोस्त व अफीम को सिरसा व आसपास क्षेत्र में सप्लाई करना था।
एसपी ने बताया कि बरामद नशीले पदार्थ की कीमत करीब 15 लाख रुपये है। आरोपियों को अदालत में पेश कर पुलिस रिमांड हासिल किया जाएगा। तस्करी के इस नेटवर्क में जो भी शख्स शामिल मिलेगा, उसके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।