अनाज मंडी में इफको केंद्र के बाहर डीएपी लेने के लिए किसानों की लाइ्रन।
सिरसा। गेहूं की बिजाई को लेकर महज एक सप्ताह का समय ही बचा है। कृषि विभाग ने किसानों को सैंकड़ों टोकन तो बांट दिए लेकिन उसके मुकाबले खाद काफी कम मिल रही है। वीरवार को जिन किसानों को टोकन दिए गए थे। उनमें से 500 किसानों को शुक्रवार को डीएपी खाद उपलब्ध करवाई गई। इफको खरीद केंद्र पर खाद का वितरण किया गया।
किसान डीएपी खाद को लेकर खरीद केंद्रों के बाहर लाइन में लगे रहे। वहीं अधिकारी अभी तक टोकन बांटने में ही व्यस्त हैं। जिन अधिकारियों पर समय से पहले खाद पहुंचाने की जिम्मेदारी थी वो अब टोकन देकर किसानों को संतुष्ट करते हुए नजर आ रहे हैं। दो से तीन दिनों के टोकन एडवांस में बांटे जा चुके हैं। ऐसे में रविवार को जिले में खाद आती है तो उसे भी किसान हाथों हाथ उठा लेंगे।
कृषि विभाग के अनुसार शुक्रवार को 500 किसानों को 1000 कट्टे डीएपी खाद दी गई। प्रति किसान दो एकड़ भूमि में बिजाई करने योग्य खाद दी गई। ऐसे में दो एकड़ से अधिक भूमि वाले किसान अपनी पूरी बिजाई भी नहीं कर पाएंगे। आलम यह है कि मंडी भरी होने और खाद नहीं मिलने पर किसानों ने अपनी धान की फसल की भी तोलाई नहीं करवाई है। क्योंकि उसके पास स्टॉक करने की जगह नहीं है। जो किसान डीएपी से लेने से रह गए हैं उन्हें रविवार और सोमवार को खाद दी जाएगी।
जानकारी के अनुसार पिछले एक सप्ताह से किसान खाद लेने के लिए सुबह 6 बजे से ही मंडी में इफको केंद्र के बाहर लाइन लगा देते हैं। किसानों की संख्या ज्यादा होने पर व्यवस्था बनाने के लिए पुलिस विभाग की और से पुलिस कर्मियों की भी तैनाती की गई। नेहरु पार्क में अधिकारी टोकन बांटते है। उसके बाद किसानों को खाद के लिए बुलाते है। टोकन के बाद भी किसानों को खाद लेने के लिए घंटों तक इंतजार करना पड़ा। इंतजार के बाद किसानों को एक आधार कार्ड पर 2 कट्टे खाद के दिए गए। अधिकारिक आंकड़ों के अनुसार जिले खाद की 40000 मीट्रिक टन की लागत है। इसमें से 27000 मीट्रिक टन डीएपी खाद बांटी जा चुकी हैं।
-
शहर में शुक्रवार को 500 किसानों को 1000 बैग खाद का वितरण अनाज मंडी में बनाए गए इफको वितरण केंद्र के माध्यम से किया गया। रविवार और सोमवार को भी खाद आएगी।
अमित शर्मा, एसडीओ, कृषि विभाग