संवाद न्यूज एजेंसी
सिरसा। चौथे दिन पूरी तरह से तहसील कार्यालय में काम शुरू होने से लोगों को काफी राहत मिली। वीरवार को रजिस्ट्री करवाने के लिए 49 आवेदन आए, जिसके बाद रजिस्ट्री हो पाई। बीते तीन दिनों तक तहसील कार्यालय में अधिकारियों के न होने के कारण लोगों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ा था।
दो दिन तक तहसीलदार और नायब तहसीलदारों की ओर से सामूहिक अवकाश पर चले जाने और इसके बाद वीरवार को मुख्यमंत्री मनोहर के सिरसा आगमन पर अधिकारियों की ड्यूटी लगा दी गई। जिसके कारण एफिडेविट के सत्यापन, जमाबंदी, रजिस्ट्रियां, जाति प्रमाण पत्र व इंतकाल आदि कार्य प्रभावित रहे। इसके चलते उपभोक्ताओं को सरल केंद्र व कार्यालय के चक्कर काटने पर मजबूर होना पड़ा। इसके अलावा सरल केंद्र में जाति प्रमाण पत्र, रिहायशी प्रमाण पत्र, आय प्रमाण पत्र सहित इडब्ल्यूएस सर्टिफिकेट के काम प्रभावित हो रहे थे। पिछले दो दिनों में तहसीलदार व नायब तहसीलदारों के सामूहिक अवकाश के चलते जिले की 7 तहसीलों में कामकाज ठप रहा। जिलेभर में हड़ताल के चलते करीब 800 रजिस्ट्रियों का कामकाज प्रभावित हुआ। वहीं, वीरवार को तहसील कार्यालय में रजिस्ट्री के करीब 49 आवेदन प्राप्त हुए तथा पूर्व में आए आवेदनों को निपटाने में कर्मचारी लगे रहे। रजिस्ट्री के लिए तहसील कार्यालय में रोजाना औसतन 42 से 45 आवेदन आते हैं।
लोगों को तीन दिनों तक लगातार काटने पड़े थे चक्कर
तहसीलदार और नायब तहसीलदारों की ओर से अवकाश पर चले जाने के कारण लगातार तीन दिनों तक लोगों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ा था। शहर के साथ ग्रामीणों के लोग भी तहसील कार्यालयों में कार्य करवाने के लिए पहुंचे थे। अधिकारियों के छुट्टी पर होने के कारण उन्हें खाली हाथ लौटना पड़ता था। वीरवार को पोर्टल और अधिकारी कार्यालय में होने के लोगों को इससे कुछ राहत भी मिल पाई है।