पांच चरणों में किया जाएगा परीक्षा का आयोजन
संवाद न्यूज एजेंसी
डबवाली। डबवाली पुलिस सड़क सुरक्षा के प्रति विद्यार्थियों को बचपन से जागरूक करने के लिए सड़क सुरक्षा प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता 2026-27 का आयोजन कर रही है। पुलिस अधीक्षक जसलीन कौर के नेतृत्व में यह प्रतियोगिता होगी। इसमें डबवाली और ओढ़ा खंड के 46,413 विद्यार्थी भाग लेंगे।
कुल 236 सरकारी व निजी विद्यालयों, तीन आईटीआई और छह महाविद्यालयों के छात्र इसमें शामिल होंगे। प्रतियोगिता पांच चरणों में आयोजित की जाएगी। विद्यालय, खंड, जिला, रेंज और प्रदेश स्तर। प्रथम चरण की प्रतियोगिता 31 अगस्त को सुबह 11 बजे से दोपहर 12 बजे तक होगी।
इसमें यातायात नियमों, सड़क सुरक्षा, संकेतों, हेलमेट, सीट बेल्ट, गति सीमा और सुरक्षित वाहन संचालन से संबंधित प्रश्न पूछे जाएंगे। बेहतर प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को अगले चरणों में जाने का अवसर मिलेगा। प्रदेश स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वालों को सरकार सम्मानित करेगी और जिला पुलिस प्रमाण-पत्र देगी।
जागरूकता का उद्देश्य
प्रतियोगिता का उद्देश्य विद्यार्थियों को जिम्मेदार और जागरूक सड़क उपयोगकर्ता बनाना है। कम उम्र में विकसित सड़क सुरक्षा की आदतें लंबे समय तक प्रभावी रहती हैं। विद्यार्थी स्वयं नियमों का पालन कर अपने परिवार और आसपास के लोगों को जागरूक कर सकते हैं। पुलिस अधीक्षक जसलीन कौर के निर्देश पर सुरक्षा के लिए पुलिस टीमें परीक्षा स्थलों पर मौजूद रहेंगी। यह जागरूकता दुर्घटनाओं को रोकने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी और भविष्य के लिए सुरक्षित यातायात व्यवस्था की नींव तैयार करेगी।