सिरसा। ऐलनाबाद क्षेत्र में एक ही दिन में दो स्थानों पर गेहूं की खड़ी फसल में आग लग गई। जिसमें करीब 42 एकड़ गेहूं जलकर राख हो गई। दमकल की गाड़ियों व अन्य किसानों ने मिलकर आग पर काबू पाया गया। आगजनी की पहली घटना हनुमानगढ़ रोड व दूसरी नोहर रोड पर की बताई जा रही है। इस घटना को लेकर किसानों ने मुआवजे की मांग की है तो वहीं प्रशासन प्रति रोष भी जाहिर किया है।
जानकारी के अनुसार रविवार दोपहर करीब 12 बजकर 27 मिनट पर हनुमानगढ़ रोड पर आग लगनी की सूचना दमकल विभाग के पास पहुंची और दूसरी घटना की सूचना 4 बजकर 32 मिनट पर नोहर रोड पर गेेहूं की फसल में आग लगने की सूचना मिली। हनुमानगढ़ रोड पर गेहूं की खड़ी फसल में लगी आग पर काबू पाने के लिए दमकल विभाग की तीन गाड़ियां मौके पर पहुंची। इस घटना में प्रत्येक गाड़ी को दो-दो चक्कर लगाने पड़े। इस दौरान बड़ी तादाद में आसपास के लोग व किसान भी मौके पर पहुंच गए जिन्होंने मिलकर हरे पेड़ों की टहनियां, बाल्टी व मटकों में पानी भरकर से आग बुझाने में मदद की। जिसमें करीब 2 से अढ़ाई घंटे का समय लग गया। जब तक आग पर काबू पाया गया तब तक 35 एकड़ गेहूं की फसल जलकर राख हो गई। बताया जा रहा है कि हनुमानगढ़ रोड पर करीब 6 किसानों की गेहूं की फसल जली है। इस हादसे की वजह किसानों ने बिजली की लटकती तारें बताई है।
नोहर रोड पर जली 6 एकड़ खड़ी गेहूं
वहीं दूसरी घटना नोहर रोड पर है जहां करीब 6 एकड़ गेहूं की फसल जल चुकी है। यहां दमकल विभाग की 2 गाड़ियां मौके पर पहुंची वहीं दूसरी तरफ आम लोगों ने भी आग को बूझाने में मदद की। करीब 1 घंटे के बाद आग पर काबू पाया गया। बताया जा रहा है कि यह घटना ऐलनाबाद से करीब 4 किलोमीटर दूर थी। वहीं पीड़ित किसानों ने प्रशासन व सरकार से मुआवजे की मांग की है। इस घटना में बहुत से किसान तो जलती फसल को देखकर ही रोने लगे थे।
इन पीड़ित किसानों की जली गेहूं
दमकल विभाग के अनुसार जिन किसानों की गेहूं जली है उनमें ओमप्रकाश शर्मा 3 एकड़, सेठी कड़वासर 2 एकड़, दयाराम ढाका 4 एकड़, कृष्ण कुमार 5 एकड़, गुरबक्श 5 एकड़ व जगतार सिंह की करीब 16 एकड़ गेहूं जली है। वहीं नोहर रोड पर दयाल सिंह 2 एकड़, सुखपाल सिंह की 4 एकड़ फसल जल गई है।
लोगों ने ट्रैक्टरों से पाया आग पर काबू
आगजनी की इस घटना में बहुत से किसानों ने अपने ट्रैक्टरों की मदद से आग पर काबू पाया। इस दौरान किसानों ने ट्रैक्टर के पीछे हल जोड़कर गेहूं के खेतों को जोतना शुरू कर दिया।
एक गाड़ी भेजी वापस
कुल 6 गाड़ियों में एक सिरसा वापस भेज दी गई है तो वहीं एक चोपटा में तैनात कर दी जा चुकी है। इसमें 23 मार्च को मिली एक गाड़ी की तो पासिंग भी नहीं हुई है।
गाड़ियों में पानी की क्षमता
दमकल विभाग के पास मौजूद तीन गाड़ियों में एक गाड़ी में 2 हजार लीटर वहीं दो अन्य गाड़ियों में टोटल 10 हजार लीटर पानी की क्षमता है।
दो स्थानों पर आग लगी थी जिसमें पहले घटना में करीब ढ़ाई घंटे का समय लगा गया और दूसरी में 1 घंटे का समय लगा था। इस दौरान करीब 100 एकड़ गेहूं की फसल बचा ली वहीं दो ढाणियां, व अमरूद के बाग सहित पशुओं को भी नुकसान होने से बचा लिया है। इसमें कोई जानी नुकसान नहीं हुआ है।
-श्याम सुंदर, एसएफओ, ऐलनाबाद