कोरोना संक्रमण के मामले हर रोज तेजी से बढ़ रहे हैं। शनिवार को कोरोना संक्रमण के कारण सकताखेड़ा की 63 वर्षीय महिला की मौत हो गई है जबकि 78 मरीज संक्रमित पाए गए है। महिला सांस रोग से पीड़ित थी। संक्रमण के कारण महिला की मौत होने के बाद अब मृतकों का आंकड़ा बढ़कर 122 तक पहुंच गया है जबकि जिले में अब कुल 506 मरीज एक्टिव है। बता दें कि बीते पांच दिनों में चार कोरोना संक्रमित मरीजों की मौत हुई है और 402 मरीज संक्रमित मिले है।
शनिवार को चोपड़ा वाली गली, बरनाला रोड, डीसी कॉलोनी, राम कॉलोनी, कांडा वाली गली, हिसार रोड, जेसीडी, भगत सिंह कॉलोनी, द्वारका पुरी में एक-एक, हुडा सेक्टर 20 में सात, कोर्ट कॉलोनी में दो, ई ब्लॉक में तीन, हुडा सेक्टर 19 में दो, प्रेमनगर में दो, एफ ब्लॉक में दो, गोबिंद नगर में दो, नोहरिया बाजार में दो, डबवाली में पांच, ऐलनाबाद में दो, कालांवाली में पांच, ओढां में नौ, माधोसिघाणा में छह, रानियां में पांच, चौटाला में तीन, बड़ागुढ़ा में छह सहित कुल 78 मरीज कोरोना संक्रमित पाए गए है।
तेजी से बढ़ रहा संक्रमितों और मौतों का आंकड़ा : कोरोना संक्रमण के मामलों का आंकड़ा तेजी से बढ़ रहा है। जिले में बीते पांच दिनों में कुल चार मरीजों की मौत कोरोना संक्रमण से हो चुकी है जबकि 402 मरीज कोरोना संक्रमित पाए गए है। शनिवार को भी शहर की कॉलोनियों में 37 मरीज कोरोना संक्रमित पाए गए है। स्वास्थ्य विभाग की ओर से अब तक कुल 277055 लोगों के सैंपल लिए गए है। जिनमें से 8969 मरीज कोरोना संक्रमित पाए गए है। कोरोना संक्रमित होने का प्रतिशत अब बढ़कर 3.23 तक पहुंच गया है।
स्वस्थ होने पर 33 मरीज भेजे घर : शनिवार को 33 मरीज स्वस्थ होने के बाद उन्हें घर भेज दिया गया है। अभी 1286 लोगों के सैंपल आने शेष है। जिले में 272 मरीजों को होम आइसोलेट किया गया है जबकि 40 मरीज को अस्पताल में दाखिल किया गया है।
कोरोना के बढ़े संक्रमण को देखते हुए टीमों को सक्रिय कर दिया है। होम आइसोलेट किए मरीजों की समय समय पर जांच की जा रही है। लोग कोरोना संक्रमण से बचाव के लिए नियमों की पालना करनी चाहिए। मास्क और सामाजिक दूरी का विशेष ध्यान रखे। ताकि वह संक्रमितों के संपर्क में न आ सके। -डॉ. कृष्ण कुमार, सीएमओ, सिरसा।