संवाद न्यूज एजेंसी
सिरसा। पुलिस ने सोमवार को सुबह 6 बजे से लेकर दोपहर 12 बजे तक विशेष सर्च अभियान चलाया। जिला पुलिस की करीब 32 टीमों ने शहर सिरसा की विभिन्न काॅलोनियों व ऐलनाबाद, रानियां, चोपटा, डिंग, बड़ागुढा के अलावा ग्रामीण क्षेत्रों में जाकर मादक पदार्थ व अन्य आपराधिक गतिविधियों में संलिप्त लोगों के घरों पर दबिश दी।
सर्च अभियान के दौरान नशा तस्करी में संलिप्त 24 लोगों को 172 बीएनएस के तहत डिटेन किया, जबकि 11 लोगों को मादक पदार्थ तस्करी, आबकारी अधिनियम, ठगी तथा लड़ाई झगड़े के मामलों में गिरफ्तार किया गया।
पुलिस अधीक्षक विक्रांत भूषण ने बताया कि मादक पदार्थ तस्करों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जा रही है। नशा के सौदागरों को संरक्षण देने वालों के खिलाफ भी कानूनी कार्रवाई की जा रही है। उन्होंने बताया कि सर्च अभियान का उद्देश्य विभिन्न प्रकार के नशे का कारोबार करने वाले तथा आपराधिक किस्म के लोगों पर कारगर ढंग से अंकुश लगाना है। पुलिस अधीक्षक ने बताया कि नशा तस्करों व अन्य आपराधिक गतिविधियों में संलिप्त लोगों के खिलाफ चलाया जा रहा सर्च अभियान भविष्य में भी जारी रहेगा।
पुलिस अधीक्षक विक्रांत भूषण ने बताया कि ग्राम पंचायतों व आमजन के सहयोग से नशे के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के काफी सार्थक परिणाम सामने आ रहे हैं तथा अब तक जिला के 148 गांव तथा सिरसा व ऐलनाबाद के 10 वार्ड नशे से तौबा कर चुके हैं। एसपी ने बताया कि नशा तस्करों की सूचना 88140-11620 पर फोन, एसएमएस या व्हाट्सएप के माध्यम से दी जा सकती है।