एनएचएम कर्मचारियों के धरने को समर्थन देने पहुंचे कांग्रेस और जजपा नेता
अमर उजाला ब्यूरो
सिरसा। एनएचएम कर्मचारियों की हड़ताल बुधवार को 16 वें दिन भी जारी रही। मंगलवार को जिले के पांच कर्मचारी भूख हड़ताल पर बैठ गए थे। बुधवार को हालांकि कर्मचारियों ने भैंस के आगे बीन बजानी थी लेकिन नेताओं के धरने पर पहुंचने के कारण यह कार्यक्रम स्थगित करना पड़ा। स्वास्थ्य विभाग ने आउटसोर्सिंग पर बुधवार को 15 चालकों की भर्ती की है। ऐसे में अब तक कुल 22 एंबुलेंस चालक स्वास्थ्य विभाग में नियुक्ति किए गए। वहीं कांग्रेस और जजपा के नेताओं ने एनएचएम कर्मचारियों को समर्थन देने की बात कही और अपनी अपनी सरकार आने पर कर्मचारियों को पक्का करने के आश्वासन दिया।
प्रदेश महासचिव कांग्रेस के नेता नवीन केडिया ने कहा कि जो कर्मचारी तीन साल से किसी भी विभाग में काम कर रहें हैं। हमारी सरकार उनको नियमित करेगी। स्वास्थ्य मंत्री अनिल विज ने बयान पर टिप्पणी करते हुए केडिया ने कहा कि अगर इनकी मांगे जायज नहीं है तो स्वास्थ्य मंत्री तथ्य पेश करें। हड़ताल के दौरान जेजेपी के जिला अध्यक्ष अमीर चावला भी कर्मचारियों का समर्थन करने पहुंचे। उन्होंने कहा कि सभी कर्मचारियों की मांग उचित है, स्वास्थ्य विभाग को इनकी मांगें पूरी करनी चाहिए। एनएचएम के प्रधान कुंदन गावडिया ने महासचिव और जिला अध्यक्ष को ज्ञापन सौंपा। एनएचएम कर्मचारियों ने बुधवार को भैंस के आगे बीन बजाने का कार्यक्रम रखा था। जिसमें एनएचएम के प्रधान कुंदन गावड़िया ने बताया कि कार्यक्रम अधिक होने के चलते यह कार्यक्रम वीरवार के लिए स्थगित किया गया है। सरकार ने अगर हमारी मांगेें नहीं मानी तो यह लंबे समय तक जारी रह सकती है। वीरवार को कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष की पत्नी अवंतिका माकन तंवर भी कर्मचारियों का समर्थन करने पहुंचेगी।
स्वास्थ्य विभाग हरियाणा रोडवेज के 22 चालकों को चयनित कर लिया है। एनएचएम विभाग की हड़ताल से स्वास्थ्य सेवाओं पर कोई असर नहीं पड़ रहा। एंबुलेंस चालकों की नियुक्ति के बाद अब एंबुलेंस सेवाएं बहाल कर दी गई है।
प्रमोद शर्मा, डिप्टी सीएमओ स्वास्थ्य विभाग सिरसा।