अमर उजाला ब्यूरो
सिरसा।
चौधरी देवीलाल विश्वविद्यालय में हरियाणा रोडवेज कर्मचारी महांसघ के सिरसा डिपो प्रधान राम क़ुमार चुरणिया व सचिव रामानंद ने आउटसोर्सिंग कर्मियों व छात्रों को वाहन चलाते समय यातायात नियमों की पालना करने व हेलमेट पहनने के लिए प्रेरित किया। साथ ही युवाओं को बाइक चलाते समय हेलमेट पहनने की शपथ दिलाई गई।
रामकुमार ने कहा कि हेलमेट पहनने से जहां एक और कानून की पालना होती है वहीं हमारी जान की सुरक्षा भी होती है। उन्होंने कहा कि हमें हर हाल में हेलमेट पहनने की आदत डालनी चाहिए। कभी भी एक छोटी लापरवाही के चलते जान जोखिम में नहीं डालनी चाहिए। इस मौके पर मनप्रीत, बलविंद्र सिंह, रणवीर सिंह, राजेश कुमार, विक्रम सिंह, राकेश कुमार सहित कई युवाओं ने शपथ ली कि हम खुद हमेशा बाइक चलाते समय यातायात के नियमों का पालन करेंगे व हेलमेट अवश्य पहनेंगे। महासंघ के जिला सचिव रामानंद ने कहा कि हेलमेट पहनने से सबसे पहले तो चालान कटने का भय नहीं रहता। इसके अलावा हेलमेट पहनकर बाइक चलाने पर काफी हद तक सेफ महशूश करते हैं। और कभी भी हेलमेट पहने बगैर बाइक नहीं चलानी चाहिए। किसी भी अनहोनी के बाद अक्सर लोगों से यह सुनने को मिलता है कि सिर में चोट लगी है। अगर हेलमेट पहना होता तो जान बच सकती थी। लोगों को हेलमेट व अन्य जरूरी कागजात साथ रखने के लिए प्रेरित करना जरूरी है। इसके साथ ही इन्होंने कहा कि वे खुद तो हमेशा ही हेलमेट का प्रयोग करेंगे।
ट्रैफिक पुलिस के जवानों ने हेलमेट पहनने की दी प्रेरणा
ट्रैफिक पुलिस के जवान नरेश कुमार व सुरेश कुमार ने सिरसा के रेलवे ओवरब्रिज के पास बिना हेलमेट पहने दो पहिया वाहन चालकों को हेलमेट पहनने के फायदे बताए और उन्होंने हेलमेट पहनने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने वाहन चालकों को समझाया कि अगर वाहन पर दो सवारी हो तो दोनों के लिए हेलमेट कानूनन जरूरी ही नहीं बल्कि दुर्घटना के समय जान बचाने में सहायक होता है। दो पहिया वाहन चालक हेलमेट पहनने से कानून की नजरों में ही सही साबित होने के साथ-साथ जान की हिफाजत भी करता है।
दो पहिया वाहन चालकों को दिलाई हेलमेट पहनने की शपथ
यातायात नियमों का पालन करने के लिए किया जागरूक