फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

सरसाई नगरी में हो रही है नशे की होम डिलीवरी

विज्ञापन
विज्ञापन
सरसाई नगरी में हो रही है नशे की होम डिलीवरी
विज्ञापन

एक कॉल करते ही दस मिनट में बताई जगह पर पहुंचा जाता है मन चाहा ब्रांड
नशे की लत को पूरा करने के चक्कर में अपराध जगत में शामिल हो रहा है जिले का युवा
24 हजार देसी व सात हजार अंग्रेजी शराब की बोतलें जब्त, तस्करों से 75
किलोग्राम अफीम व 700 ग्राम चिट्टा बरामद
हितेश चतुर्वेदी
सिरसा। सरसाई नगरी के नाम से मशहूर सिरसा में नशे का कारोबार काफी फल-फूलने लगा है। शराब, अफीम, हेरोइन और चूरापोस्त की तस्करी धड़ल्ले से हो रही है। इन नशीले पदार्थों की चपेट में आकर युवा वर्ग बर्बाद हो रहा है। अब स्थिति यह हो चुकी है कि सिरसा में नशे की होम डिलीवरी भी शुरू हो गई है। एक कॉल करने के दस मिनट बाद माल बताई जगह पर पहुंच जाता है। सिरसा शहर में 31 वार्ड हैं और सभी में शराब की तस्करी चरम पर है। अंग्रेजी हो या देसी, ठेके स 30 से 40 प्रतिशत कम रेट पर सप्लाई हो रही है। इसके लिए भी पीने वाले को बस एक कॉल कर अपना ब्रांड बताना पड़ता है। दस मिनट में बताए गए पते पर शराब की बोतलें पहुंचा दी जाती हैं। शराब की भांति ही हेरोइन (चिट्टा) की पुडिया कॉल करते निर्धारित स्थान पर पहुंचा दी जाती है। पंजाब के साथ सटा होने के चलते सिरसा में तस्करी का धंधा अपने चरम है। नशे का कारोबार किस गति से यहां फैल रहा है इसका अंदाजा इस बात से लगाया जा सकता है कि पिछले दो वर्ष में 75 किलोग्राम अफीम व 1900 किलोग्राम चूरा पोस्त,250 ग्राम स्मैक ,700 ग्राम हेरोइन व 70 किलोग्राम गांजा जब्त किया जा चुका है। पुलिस ने मादक पदार्थ अधिनियम के तहत करीब 500 से अधिक केस पुलिस ने दर्ज किए हैं। इसके अलावा 24 हजार देसी व सात हजार अंग्रेजी शराब की बोतलें पुलिस तस्करों से बरामद कर चुकी है। सबसे गंभीर बात यह है कि नशे कारोबार से जुड़े गिरोह ने शिक्षण संस्थानों में पढ़ने वाले और बेरोजगार युवाओं को अपने एजेंटों में शामिल कर रखा है। माल की डिलीवरी पहुंचाने पर अच्छी रकम दी जाती हैं और ऊपर से सेवन के लिए फ्री। धंधे से जुड़े एक शख्स ने नाम न छापने की शर्त पर बताया कि ऐसा नहीं कि पुलिस को इस धंधे की भनक नहीं है। पूरा धंधा सेटिंग से चलता है। जब पुलिस पर धरपकड़ का दबाव आता है तो तीन चार केस अपने लोगों पर दर्ज करवा लिए जाते हैं और बाद में जमानत मिल जाती है।

चिट्टा नशा करने वालों बढ़ी तादाद
इन दिनों हेरोइन पीने वाली की तादाद में काफी वृद्धि हुई है। यह धंधा शहर में मजबूती से अपनी जड़ें जमा चुका है। पुलिस ने कई बडे़ तस्करों को गिरफ्तार किया लेकिन तस्करी में कोई कमी नहीं आई। हेरोइन की लत के शिकार शख्स को एक दिन ये न मिले तो वो तड़पने लगता है और किसी भी तरह इसके नशे के लिए रुपयों के प्रबंध में जुट जाता है। इसी के कारण जिले में चेन व पर्स स्नेचिंग की वारदातें बढ़ रही है। पिछले दिनो दो युवकों ने रोडवेज कंडक्टर पर हमला करके रुपयों से भरा बैग छीन लिया था। दोनों आरोपी युवकों ने इस वारदात को इसलिए अंजाम दिया क्योंकि उसके पास हेरोइन का नशा करने के लिए रुपये खत्म हो चुके थे। उधार में एक पुडिया ली थी और उसका भुगतान सुबह करना जरूरी था। इस घटना से अंदाजा लगाया जा सकता है कि सिरसा में नशे के कारण युवा अपराध जगत में घुसते जा रहे हैं।
विज्ञापन


दो प्रदेशों की सीमा से जुड़ना है मुफीद
सिरसा में नशीले पदार्थों की तस्करी का मुख्य कारण यह भी है कि ये जिला पंजाब और राजस्थान सीमा से सटा हुआ है। राजस्थान से अफीम व चूरा पोस्त सिरसा में लाई जाती है। यहां से इसे हरियाणा और पंजाब में सप्लाई कर दिया जाता है। जिले में हेरोइन (चिट्टा) का तस्करी पंजाब के बठिंडा, मानसा व तरनतारण से हो रही है। नशीली दवा भी पंजाब से ही सिरसा लाइन जाती है, इसके अलावा झारखंड व बिहार से गांजे की तस्करी भी खूब हो रही है। सबसे ज्यादा हालत सिरसा, डबवाली, कालांवाली व रानियां विधान सभा क्षेत्र की खराब है। डबवाली व कालांवाली क्षेत्र तो नशीली दवाइयों और इंजेक्शन के कारोबार के अड्डे बन गए हैं।
विज्ञापन


स्पेशल ऑपरेशन चला रही है पुलिस
पुलिस अधीक्षक के आदेश पर नशे के कारोबार पर लगाम लगाने के जिला पुलिस ने स्पेशल ऑपरेशन शुरू कर रखा है। हर रोज मादक पदार्थ और शराब तस्करों को पुलिस दबोच रही है। इस ऑपरेशन की सबसे खास बात यह है कि पुलिस जिस भी तस्कर को गिरफ्त में ले रही है उससे नशे के मुख्य सप्लायर का पता लगाया जा रहा है। सभी थाना प्रभारियों को सख्त निर्देश दिए गए हैं कि नशा बेचने वालों को बख्शा नहीं जाए। नशे के खिलाफ लोगों को जागरूक करने के लिए भी पुलिस ने अभियान चलाया हुआ है। इसके सार्थक परिणाम आने शुरू हो गए हैं।
-सुरजीत सहारण, जिला पुलिस प्रवक्ता, सिरसा।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें