अज्ञात वाहन की चपेट में आकर किरयाना व्यापारी की मौत
डबवाली। उपमंडल के गांव खुईयां मलकाना के समीप शुक्रवार रात को एक सड़क हादसे में एक किरयाना व्यापारी की मौत हो गई। मृतक की पहचान गांववासी 58 वर्षीय ओमप्रकाश पुत्र प्यारा लाल के तौर पर हुई है। पुलिस ने शनिवार को शव का पोस्टमार्टम करवाकर परिजनों को सौंप दिया है। साथ ही मृतक के पुत्र के बयान पर अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ धारा 279, 336, 304-ए आईपीसी के तहत केस दर्ज कर तलाश शुरू कर दी है।
ओम प्रकाश गांव नीलियांवाली में एक किरयाना शॉप संचालित करता था। शुक्रवार रात करीब साढ़े नौ बजे वह अपनी दुकान मंगल करके अपने बाइक पर सवार होकर अपने गांव खुईयां मलकाना के लिए रवाना हुआ था। वह जैसे ही नेशनल हाईवे नंबर नाइन पर स्थित गांव खुईयां मलकाना में निर्माणाधीन टोल प्लाजा के समीप पहुंचा तो किसी अज्ञात वाहन ने उसके बाइक को टक्कर मार दी। जिससे वह सड़क पर जा गिरा और गंभीर तौर पर घायल हो गया। उसी समय पीछे से आ रहे एक अन्य कार चालक ने उसे संभाला और अपनी कार से घायलावस्था में डबवाली के सामान्य अस्पताल में दाखिल करवाया। जहां ड्यूटी पर तैनात चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद उसकी गंभीर अवस्था को देखते हुए सिरसा रेफर कर दिया। परिजन उसको हिसार के एक निजी अस्पताल में गए। जहां उसकी मौत हो गई। मामले में कार्रवाई कर रहे सदर थाना पुलिस के एएसआई ताराचंद ने बताया कि उन्होंने मृतक ओम प्रकाश के बेटे रतन के बयान पर अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ धारा 279, 336, 304-ए आईपीसी के तहत मामला दर्ज कर वाहन चालक की तलाश शुरू कर दी है। उन्होंने बताया कि शनिवार को पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया है।