आरोपियों के पास से वारदात में इस्तेमाल लाठी-डंडे बरामद
फोटो 19
संवाद न्यूज एजेंसी
सिरसा। युवक पर हमला करने व धमकी देने के मामले में पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपी अनिल कुमार निवासी वार्ड नंबर पांच ऐलनाबाद, बाबू लाल व राजबीर निवासी अरायन जिला गंगानगर राजस्थान के रहने वाले हैं।
पुलिस अधीक्षक दीपक सहारन ने बताया कि वार्ड नंबर छह ऐलनाबाद निवासी मांगे लाल ने पुलिस को दिए बयान में बताया था कि वह अपने भाई सुनील कुमार के साथ फेरी लगाकर गांव-गांव मिट्टी के बर्तन बेचने का काम करता है। अर्जुन का परिवार के साथ पैसों के लेनदेन को लेकर उनका विवाद चल रहा था।
पंचायत में उनके पैसे दिए जाने के बाद आरोपी पक्ष उनसे रंजिश रखने लगा। शिकायत के अनुसार, 28 जुलाई को सुनील कुमार फेरी लगाकर घर लौट रहा था। रास्ते में बाबू लाल ने उसके साथ झगड़ा शुरू कर दिया। बाद में बाबू लाल, राजबीर, अर्जुन, अनिल और बब्लू लाठी-डंडे लेकर उनके घर के बाहर पहुंच गए।
आरोप है कि बाबू लाल ने सुनील के सिर पर डंडे से वार कर दिया जिससे वह बेहोश होकर गिर गया। बीच-बचाव करने आए मांगे लाल के साथ भी आरोपियों ने मारपीट की और जान से मारने की धमकी दी। शोर सुनकर आसपास के लोग एकत्र होने लगे तो आरोपी मौके से भाग निकले।
बयान के आधार पर ऐलनाबाद पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी। जांच के दौरान पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। आरोपियों के पास से पुलिस ने वारदात में इस्तेमाल लाठी-डंडे बरामद कर लिए हैं।