सिरसा। शहर के हुडा सेक्टर 20 निवासी एक महिला को अधिक कमाई का लालच देकर पहले लाखों की लागत से शोरूम तैयार करवाया और सामान बिकने पर कमाई का हिस्सा देने के बात कही। लेकिन घाटा पड़ने पर पीसी ज्वेलर्स के संचालक कार्यालय को बंद कर चले गए। जिसके बाद पीड़िता ने 30 लाख रुपये की ठगी होने का मामला सिविल लाइन थाना में दर्ज करवाया है। पुलिस ने शिकायत के अधार पर बलराम गर्ग एमडी पीसी ज्वेलर्स, शीबा आनंद, मार्केटिंग हेड, रविंद्र कुमार सिंघल अधिकृत हस्ताक्षरकर्ता, राम अवतार राव एच आर हेड, निलेश स्टोर मैनेजर पीसी ज्वेलर्स के खिलाफ मामला दर्ज किया है।
पुलिस को दी शिकायत में पूनम गौतम पत्नी सत्यवान गौतम निवासी सेक्टर 20 हुडा ने बताया कि उसकी थोक की दुकान व पतंजलि चिकित्सालय की हुडा कॉम्पलेक्स, पुराना बस स्टैंड रोड पर दुकान थी। पिछले वर्ष पीसी ज्वेलर्स के एमडी बलराम ने उसे विश्वास में लिया कि हमारा सिरसा में कोई शोरूम नहीं है, अगर आप हमारे कहे अनुसार काम करते हैं तो आपको अच्छी आमदनी होगी, क्योंकि हमारी कंपनी के आइटमों की बिक्री बहुत अच्छी है और सारा लेनदेन बिलों पर होता हैं। बलराम ने कहा कि आपके थोक की दुकान व चिकित्सालय से जो आमदनी होती है, उससे कई गुना ज्यादा आपको हमारे अनुसार काम करने में हो जाएगी और आप कम से कम हर महीने 50,000 रुपये कमा सकते हैं। आपको हमारी हर गोल्ड आइटम की सेल पर कमीशन मिलेगा। बलराम ने आश्वासन दिया कि इस फीसदी से 4 से 5 लाख रुपये हर महीने की आमदनी कर सकते हो। 4 से 5 लाख रुपये प्रति महीना कमाने के लिए आपको उपरोक्त दुकान को हमारी योजना के अनुसार तैयार करवाना होगा। इस प्रकार इनके कहे अनुसार ऑफिस तैयार करवाया गया, जिसमें फॉल सिलिंग, वॉल पेपर, टाइल, फर्नीचर व अन्य सामान पर करीब 95 लाख से अधिक की राशि खर्च की गई। जिसमें से 30 लाख रुपये के करीब उसका खर्च हुआ। इस कार्य को करवाने में करीब एक साल की अवधि लग गई। आरोपियों ने ऊपर की बिल्डिंग में पीसी ज्वेलर्स के नाम से शोरूम कर लिया और उसका सामान नीचे बेसमेंट में शिफ्ट कर दिया, जिससे उसका कारोबार भी ठप हो गया। करीब एक साल तक काम करने के बाद 15 जुलाई 2021 को वे अपना सारा सामान कंपनी में ले गए। पीड़िता ने बताया कि उपरोक्त दुकान का एक ही कॉमन शटर है। दुकान में आगे कंपनी का सिक्योरिटी सिस्टम है। जो आरोपियों के अनुसार तैयार करवाया था। शटर से उपरोक्त शोरूम में जाने के लिए लॉक लगे हुए हैं तथा यह शटर ऑटोमेटिक है और रिमोट के जरिये ही खुलता है। जिसका रिमोट निलेश के पास रहता है। कंपनी ने अपने खुद की सिक्योरिटी के लिए 4 सुरक्षाकर्मी रखे हुए हैं, जो 24 घंटे ड्यूटी देते हैं। कई बार अपने पैसों की मांग की, लेकिन आरोपी टाल मटोल करते रहें। पीड़िता ने आरोप लगाया कि इन लोगों ने फर्जी स्कीम के तहत लोगों से काफी गोल्ड ले रखा है, जिसके पैसे के लिए लोग उसे आकर तंग करते हैं। इन लोगों ने काफी मात्रा में गोल्ड लेकर इस प्रकार से फर्जी कार्यालय तैयार कर लोगों से भी करोड़ों रुपये की ठगी की है। इसलिए इसकी जांच कर आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई कर लोगों का पैसा दिलवाया जाए।
पानी और बिजली का भी नहीं अदा किया बिल
वहीं पुलिस को दी शिकायत में पीड़िता ने बताया कि आरोपियों ने न तो बिजली का बिल अदा किया गया है और न ही पानी का। इसके अलावा संचालकों ने ज्वेलर्स के बाहर सुरक्षा कर्मियों को तैनात किया हुआ है। जोकि दिन रात यहां पर तैनात रहते है। उनके द्वारा खर्च की गई राशि उन्हें अब वापस नहीं दी जा रही है।
पीसी ज्वेलर्स के खिलाफ महिला ने शिकायत दी है। जिसके आधार पर मामला दर्ज कर लिया है और जांच शुरू कर दी है। महिला ने अपने स्तर पर कार्यालय तैयार करवाया था। जिसमें उसके करीब 30 लाख खर्च हुए थे।
- रामनिवास, थाना प्रभारी, सिविल लाइन सिरसा।