सिरसा। राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान सिरसा में प्रधानमंत्री राष्ट्रीय शिक्षुता एवं रोजगार मेले का आयोजन किया गया। इस मेले में कुल 15 नामी कंपनियों ने भाग लिया। इन कंपनियों के प्रतिनिधियों की ओर से आईटीआई पास, 10वीं व 12वीं उत्तीर्ण लगभग 500 छात्र-छात्राओं का लिखित परीक्षा एवं साक्षात्कार के माध्यम से 280 युवाओं को चयनित किया गया।
मेले में मुख्य अतिथि नगराधीश यश मलिक, विशिष्ट अतिथि कौशल विकास एवं औद्योगिक प्रशिक्षण विभाग हरियाणा के संयुक्त निदेशक लाल चंद रेवाडिया ने संस्थान परिसर में पौधरोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। प्रधानाचार्य राजेंद्र प्रसाद एवं प्रधानाचार्य राकेश शर्मा की ओर से अतिथियों व विभिन्न प्रतिष्ठित कंपनियों से आए प्रतिनिधियों का स्वागत किया गया। इस अवसर पर संस्थान के प्लेसमेंट अधिकारी श्याम सिंह, अनुदेशक अनिल बेनीवाल, हरीश कुमार, अनुदेशिका मनदीप कौर, शिक्षुता अनुदेशक सुनील हुड्डा, हरफूल चंद आदि मौजूद रहे।
इन 15 कंपनियों ने लिया हिस्सा
इनमें हीरो मोटो कॉर्प लिमिटेड धारूहेड़ा रेवाड़ी, शिवम ऑटोटेक गुरुग्राम, भगवती प्रोडक्ट्स लिमिटेड ग्रेटर नोएडा, पद्मिनी वीएनए मेक्ट्रोनिक्स गुरुग्राम, सीएनएच इंडस्ट्रियल (इंडिया) प्राइवेट लिमिटेड ग्रेटर नोएडा, त्जिक्को डोर सिरसा, बाबा एग्रो टेक सिरसा, सतगुरु मैन्युफैक्चरिंग सिरसा, न्यू जगजीत जनता एग्रीकल्चर इंजीनियरिंग वक्र्स, योकोहामा इंडिया प्राइवेट लिमिटेड बहादुरगढ़, कंबोज सोलर टेक सिरसा, कैलीफोनिक्स बोट नोएडा, एआईएस ग्लास सॉल्यूशन लिमिटेड फरीदाबाद, एमआरएफ धेज गुजरात एवं एलएस पावर कंट्रोल गुरुग्राम शामिल रही।
आईटीआई सिरसा में मंगलवार को रोजगार मेले का आयोजन किया गया। इसमें 10वीं व 12वीं उत्तीर्ण लगभग 500 छात्र-छात्राओं ने लिखित दी। इनका साक्षात्कार हुआ, इनमें से 280 विद्यार्थियों को चयनित किया गया है। -
राजेंद्र प्रसाद, प्रधानाचार्य, आईटीआई