सिरसा। जिले में नवरात्र पर्व के लिए श्रद्धालुओं ने तैयारियां शुरू कर दी हैं। 9 अप्रैल से नवरात्र पर्व शुरू हो जाएगा। इस दौरान श्रद्धालु घरों और मंदिरों में घट स्थापना कर उपवास रखेंगे। वहीं नवरात्र पर्व के लिए बाजार भी सजने लगे हैं। बाजारों में मां की चुनरी, नारियल, प्रतिमा व अन्य सामान सजाए गए हैं।
मंगलवार से शुरू हो रहे चैत्र के नवरात्र की तैयारियों के लिए बाजारों में चहल-पहल बढ़ गई है। बाजारों में नवरात्र पर मां दुर्गा के पूजन में प्रयोग होने वाली सामग्री की दुकानें सज गईं हैं। बाजारों में खरीदारों की भीड़ बढ़ने लगी है। हर दुकान पर सजी लाल चुनरिया एवं नारियल के साथ पंचमेवा की खरीद तेज हो गई है। दुकानदारों के अनुसार नवरात्र में मां दुर्गा के सामान्य पूजन में औसतन दो सौ से लेकर एक हजार रुपये तक का खर्च आता है। इसमें प्रसाद से लेकर पूजन सामग्री तक शामिल है। बाजारों के साथ ही मंदिरों में भी नवरात्र पूजा की तैयारी शुरू हो गई है। मंदिरों में मंदिर की सफाई और सजावट का काम शुरू हो गया है। वहीं, जिलेभर में करीब 500 से ज्यादा मंदिरों में मां के नौ रूपों की नौ दिनों तक पूजा-अर्चना होगी।
10 रुपये से लेकर 3,000 तक की चुनरियां उपलब्ध
बाजारों में मां नवदुर्गा की प्रतिमाएं भी उपलब्ध हैं। यही नहीं बाजार में मां दुर्गा की पूजन सामग्री की बिक्री के लिए दुकानदारों ने स्टॉल पर सामान सजाया है। नवरात्र पर लाल चुनरी, नारियल, धूप, दीप, पंच मेवा, मिश्री आदि पूजन सामग्री का प्रयोग किया जाता है। वहीं नवरात्रि में मां दुर्गा को प्रसन्न करने के लिए विशेष तौर पर लाल चुनरी श्रद्धालु चढ़ाते हैं। इस समय बाजार में 10 रुपये से लेकर तीन हजार रुपये तक की चुनरी उपलब्ध है। इसे कई श्रद्धालु खरीद रहे हैं।
जिले के 500 मंदिराें में होंगे कार्यक्रम
जिले में करीब 500 मंदिरों में नवरात्र पर्व मनाया जाएगा। इस दौरान टाउन पार्क स्थित सालासर धाम मंदिर, नोहरिया बाजार मंदिर, अनाज मंडी स्थित श्रीदुर्गा मंदिर, अग्रसेन कॉलोनी में स्थित मंदिर, श्रीराधा माधव मंदिर, शिव मंदिर, सीएमके रोड स्थित दुर्गा मंदिर व अन्यों मंदिरों में नवरात्र के पहले दिन घट स्थापना कर पूजा की जाएगी। वहीं सालासर धाम मंदिर में मुख्य कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। मंदिर में 251 ज्योत प्रज्ज्वलित की जाएंगी।
इस प्रकार होगी मां के नौ रूपों की पूजा
- प्रथम दिन, शैलपुत्री
- द्वितीय दिन, मां ब्रह्मचारिणी
- तृतीय दिन- मां चंद्रघंटा
- चौथे दिन, मां कुष्मांडा
- पांचवें दिन, माता स्कंदमाता
- छठे दिन, माता कात्यायनी
- सातवें दिन, माता कालरात्रि
- आठवें दिन, महागौरी
- नौवें दिन- सिद्धिदात्री
नवरात्र पर्व के लिए मंदिर में तैयारी पूरी हो गई हैं। मंदिर में साज सजावट का काम चल रहा है। नवरात्र के नौ दिनों तक अखंड ज्योत प्रज्ज्वलित रहेगी। हवन, भजन संध्या, जागरण और भंडारे का आयोजन चलेगा।
- संजय कुमार, प्रबंधक, सालासर धाम मंदिर सिरसा।