संवाद न्यूज एजेंसी
ओढां। ओढां पुलिस ने गांव बनवाला में एक युवती से होटल बुकिंग के नाम पर हजारों रुपए की ठगी करने के आरोप में केस दर्ज किया है।
पुलिस को दी शिकायत में युवती ने बताया कि वह ऑनलाइन होटल बुकिंग के लिए मोबाइल पर सर्च कर रही थी इसी दौरान उसे एक मोबाइल नंबर मिला। जिस पर फोन किया तो आगे से उसके व्हाट्सएप पर होटल की फोटो, पेमेंट के लिए क्यूआर कोड भेजते हुए उसे कहा कि वे क्यूआर पर पेमेंट कर दें आपको बुकिंग का बिल मिल जाएगा।
शिकायतकर्ता ने बताया कि उसने क्यूआर कोड को स्कैन कर 23,236 रुपये का भुगतान कर दिया लेकिन उसे बिल नहीं भेजा गया। जब उक्त नंबर पर फोन कर पैसे वापस मांगे गए तो आरोपी ने पैसे भेजने से मना कर दिया और मोबाइल भी बंद कर लिया। युवती ने इस ठगी की शिकायत साइबर पोर्टल पर दर्ज करवाई। थाना प्रभारी अनिल कुमार ने बताया कि पोर्टल पर शिकायत प्राप्त हुई थी, जिसके आधार पर आरोपी के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है।