संवाद न्यूज एजेंसी
सिरसा। रानियां थाने के नौ गांवों को प्राथमिक स्तर पर नशामुक्त घोषित किया गया है। प्राथमिक स्तर पर नशा मुक्त घोषित किए गए इन नौ गांवों की एक महीने के बाद पुन: समीक्षा की जाएगी। इसके लिए गांव नाईवाला में शनिवार को नशे के खिलाफ आयोजित जागरूकता कार्यक्रम में मुख्य अतिथि रहे एसपी विक्रांत भूषण ने इन गांवों के सरपंचों को स्मृति चिह्न देकर सम्मानित किया।
इन गांवों में नाईवाला, ढाणी संता सिंह, धमोरा थैड़ी, फतेहपुरिया, फिरोजाबाद, गिंदड़ावाली, मोहम्मदपुरिया, थैहड़ी शहीदांवाली और थैड़ी रणजीतपुरा शामिल हैं। इस दौरान एसपी ने कहा कि नशे के खिलाफ चलाया जा रहा अभियान अब जनांदोलन का स्वरूप ले चुका है। इसलिए नशामुक्त समाज बनाने में ग्राम पंचायतें और सामाजिक संस्थाएं अपनी भागीदारी बढ़ाकर इस अभियान को पूरी तरह से सफल बनाएं। नशा समाज के लिए अभिशाप और गंभीर चुनौती भी है। इसलिए इसे पूरी तरह से नष्ट करने के लिए प्रत्येक व्यक्ति को अपनी अग्रणी भूमिका निभानी होगी।
एसपी विक्रांत ने कहा कि जिला की बाकी ग्राम पंचायतें भी इन पंचायतों को अपना आदर्श मानकर उनसे प्रेरणा लें और अपने गांव को नशा मुक्त करने के लिए और अधिक प्रयास करें। उन्होंने कहा कि युवा उज्ज्वल भारत का भविष्य होते हैं। इसलिए वे नशे से दूर रहकर शिक्षा और खेलों में अपनी ऊर्जा का इस्तेमाल करें।
इस दौरान थाना प्रभारी दिनेश कुमार, नशामुक्त घोषित गांवों सरपंच सहित अनेक सामाजिक संस्थाओं के पदाधिकारी और ग्रामीण मौजूद रहे। इनमें ढाणी संता सिंह की सरपंच अमरजीत कौर, गांव धमोड़ी थैड़ी की सरपंच भागो देवी, गांव फतेहपुरिया के सरपंच कुलवंत सिंह, गांव फिरोजाबाद की सरपंच चरणजीत कौर, गांव गिंदड़ावाली की सरपंच परमजीत कौर, गांव मोहम्मदपुरिया के सरपंच जोगिंदर सिंह, गांव थैहड़ी शहीदांवाली के सरपंच अवतार सिंह, गांव थैड़ी रणजीतपुरा के सरपंच गुरमंगत सिंह, नाईवाला के सरपंच प्रतिनिधि गुरभेज सिंह आदि मौजूद रहे।