21 पार्षदों ने पंजाब हरियाणा हाईकोर्ट में दायर की याचिका
सिरसा। नगर परिषद की प्रधान शीला सहगल के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव को लेकर 21 पार्षदों ने पंजाब और हरियाणा हाईकोर्ट में याचिका दायर की। याचिका कुछ दिन पहले दायर की गई और 25 जुलाई को इस पर सुनवाई हुई। सुनवाई के दौरान सरकारी वकील ने एक अगस्त को फ्लोर टेस्ट करवाने का आश्वासन दिया। कोर्ट ने सात अगस्त को इस मामले पर रिपोर्ट मांगी है। वहीं फ्लोर टेस्ट को लेकर शुक्रवार को एसडीएम सिरसा ने बीडीपीओ रवि कुमार और तहसीलदार को ड्यूटी मजिस्ट्रेट नियुक्ति किया है। इस संबंध में आदेश दोनों अधिकारियों को जारी कर दिए गए।
एसडीएम सिरसा द्वारा दो प्रशासनिक अधिकारियों को ड्यूटी मजिस्ट्रेट नियुक्त करने से प्रतीत होता है कि अबकी बार फ्लोर टेस्ट होना तय है। क्योंकि पिछली बार 12 जुलाई को एसडीएम सिरसा का अतिरिक्त चार्ज एसडीएम ऐलनाबाद अमित कुमार के पास था लेकिन उन्होंने कार्यभार नहीं संभाला। इसलिए 12 जुलाई को वे फ्लोर टेस्ट करवाने के लिए नगरपरिषद नहीं आए। तब चुनाव की तैयारियां धरी रह गई। उसी दिन 23 पार्षदों ने डीसी सिरसा को अविश्वास प्रस्ताव न करवाने पर शिकायत पत्र दिया। इसके अगले दिन एसडीएम ऐलनाबाद ने सिरसा का चार्ज लिया और कुछ दिनों बाद एक अगस्त को अविश्वास प्रस्ताव करवाने के लिए तिथि जारी की। जबकि इस पूरे घटनाक्रम से पहले प्रधान शीला सहगल ने पंजाब और हरियाणा हाइकोर्ट में याचिका दायर की थी, लेकिन कोर्ट से उन्हें राहत नहीं मिली और याचिका डिसमिस हो गई।
प्रधान के खिलाफ ये 21 पार्षद लाए है अविश्वास प्रस्ताव
वार्ड दो से सुनीता, वार्ड तीन से सुनील बहल, वार्ड चार से रणधीर सिंह, वार्ड पांच से सुमन शर्मा, वार्ड सात से मनोज मकानी, वार्ड दस से रेखा रानी सुखरालियां, वार्ड नंबर 11 से जश्र इंसा, वार्ड 12 से नारायण सिंह, वार्ड 14 से सुदेश कुमारी, वार्ड 17 से रीना सेठी, वार्ड 18 से रेणु बाला बरोड, वार्ड 19 से नीतू सोनी, वार्ड 21 से रोहताश कुमार, वार्ड 22 से बलजीत कौर, वार्ड 23 से राजेश गुज्जर, वार्ड 26 से ख्याली राम,वार्ड 27 से महावीर सिंह, वार्ड 28 से सुमन लता, वार्ड 29 से ज्ञान देवी, वार्ड 30 से रेणु बाला, वार्ड 31 से आशा रानी ने अविश्वास प्रस्ताव पर हस्ताक्षर किए है। जबकि वार्ड नंबर तीन से सुनील बहल ने अविश्वास प्रस्ताव का शपथ पत्र दिया था। मौजूदा समय में प्रधान के खिलाफ 21 पार्षदों के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव लाने वाले भाजपा के नौ पार्षद, पांच हलोपा के चार कांग्रेस के, तीन आजाद उम्मीदवार है। 12 जुलाई को भाजपा नेत्री वैशाली रातुसरिया भी अविश्वास प्रस्ताव पर वोटिंग करने के लिए नगरपरिषद में आई थी। कुल संख्या 23 हो गई थी।
कोट्स
हमने एक अगस्त को अविश्वास प्रस्ताव पर वोटिंग करवाने के लिए पंजाब और हरियाणा हाईकोर्ट में याचिका दायर की है। वकील से बात हुई तो उन्होंने बताया कि सरकारी वकील ने एक अगस्त को चुनाव करवाने की हामी भरी है। मामले की अगली सुनवाई सात अगस्त को है।
रणधीर सिंह, उप प्रधान, नगरपरिषद सिरसा।