अमर उजाला ब्यूरो
डबवाली (सिरसा)।
पेट्रोल डीजल की बढ़ती कीमतें, लचर कानून व्यवस्था, महिलाओं पर बढ़ते अत्याचार और डबवाली में खुलेआम हो रही नशे की बिक्री के खिलाफ ब्लॉक कांग्रेस कमेटी डबवाली ने वरिष्ठ कांग्रेस नेता डॉ. केवी सिंह के नेतृत्व में शहर के गांधी चौक में धरना दिया व प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर का पुतला फूंका।
इससे पहले डॉ. केवी सिंह व कार्यकर्ताओं ने ऊंट रेहड़े तथा घोड़ा गाड़ियों पर सवार होकर सिरसा रोड स्थित का ंकांग्रेस कार्यालय से चलकर बस स्टैंड रोड और मेन बाजार व गांधी चौक तक रोष प्रदर्शन किया। कार्यकर्ताओं ने केंद्र और प्रदेश की भाजपा सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी भी की। गांधी चौक में उपस्थित विशाल जनसमूह को संबोधित करते हुए डॉ. के वी सिंह ने कहा कि पिछले 45 दिनों में छह बार पेट्रोल की कीमतें बढ़ाई गई है व यह कीमत बढ़ते-बढ़ते करीब 75 रुपये व डीजल की कीमत करीब 65 रुपये तक तक पहुंच गई हैं। इसके विपरीत अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमतें पहले से काफी कम हुई है। उन्होंने मांग उठाई कि पेट्रोल डीजल को जीएसटी के दायरे में लाया जाए, ताकि इसकी कीमतें नियंत्रण में रहे और किसान, मजदूर तथा आम आदमी को इसका लाभ मिल सके।
किसानों को नहीं मिल रहा समर्थन मूल्य
किसानों का जिक्र करते हुए डॉ. केवी सिंह ने कहा कि देश के किसानों की आर्थिक हालत बद से बदतर होती जा रही है, लेकिन सरकार कोई सुनवाई नहीं कर रही। घोषणा होने के बावजूद किसानों की फसल एमएसपी पर नहीं बिक रही। पिछले खरीफ सीजन में एमएसपी को सही आंकलन नहीं होने के कारण किसानों को 40 हजार करोड़ रुपये की चपत लगी है और पिछले चार सालों में उत्पादन 16 प्रतिशत कम हुआ है। बिगड़ती कानून व्यवस्था पर उन्होंने कहा कि बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ नारा केवल कागजों तक सिमट गया है। महिलाओं के साथ रेप की बढ़ती घटनाओं को रोकने के लिए सरकार कोई कदम नहीं उठा रही। अपराधी बेखौफ हो गए है और आम आदमी दहशत के सायें में रह रहा है। निकम्मी सरकार व पंगु प्रशासन के कारण हरियाणा पिछले चार सालों में तीन बार जल चुका है जिसका खामियाजा आम लोगों को भुगतना पड़ा है।
डबवाली में तेजी से बढ़ रहा है अपराध
उन्होंने यह भी कहा कि डबवाली शहर में भी जिस प्रकार चोरी, छीना झपटी व लूटपाट की घटनाएं हो रही है उसे देखकर लगता है कि शहर में सरकार व कानून व्यवस्था नाम की कोई चीज नही है। एक आढ़ती का सरेआम अपहरण का प्रयास व फिरौती मांगी गई वहीं शहर के चौक में एक दुकानदार को चाकू मारकर हफ्ता वसूली की गई और पुलिस मूक दर्शक बनने क े सिवाय कुछ नहीं कर पाई। उन्होंने चेतावनी दी कि बिगड़े हालातों पर यदि सरकार ने जल्द काबू न पाया तो कांग्रेस आंदोलन को ओर तेज करने से पीछे नहीं हटेगी। मौके पर पार्षद, पंच, सरपंच, पदाधिकारी व कार्यकर्ता बड़ी संख्या में मौजूद रहे।
ये की गई मांग
- डबवाली में पुलिस की गश्त बढ़ाई जाए
- लूट, छीना झपटी, रंगदारी मांगने, अपहरण की धमकी देने के मामले जल्द सुलझाए जाए
- किसानों का फसलों का समर्थन मूल्य दिया जाए
- पेट्रोल और डीजल जीएसटी के दायरे में लाए जाए