अमर उजाला ब्यूरो
डबवाली।
नेता प्रतिपक्ष अभय सिंह चौटाला ने कहा कि बीमा योजना के द्वारा हुई किसानों की लूट को इनेलो की सरकार बनने पर ब्याज समेत किसानों को वापस करेंगे व बीमा के नाम पर हुई लूट को अंजाम देने वालों से पूरा हिसाब लिया जाएगा। उन्होंने कहा कि बीमा योजना को लेकर भाजपा सरकार की नियत में खोट है, सरकार ने किसानों की मेहनत की कमाई को बड़े पूंजीपतियों को देने का काम किया है।
यह बात नेता प्रतिपक्ष अभय चौटाला ने शुक्रवार को डबवाली हलका के कार्यकर्ताओं को पंजाबी धर्मशाला में संबोधित करते हुए कही। बैठक में हलका के गांवों व शहर से बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं ने शिरकत की। उन्होंने कहा कि प्रदेश में कानून व्यवस्था चौपट है। आज प्रदेश में यूपी, पंजाब, राजस्थान, बिहार के बदमाश पनाह ले रहे हैं, जिससे कि डबवाली भी अछूता नहीं है। भाजपा सरकार लगातार लोगों का ध्यान बांटने का काम कर रही है, कभी स्वच्छ भारत अभियान, कभी गीता जयंती समारोह, कभी सरस्वती नदी को खोजने को लेकर भाजपा की सरकार प्रदेश के पैसे को बर्बाद कर रही है।
उन्होंने कहा कि किसान, मजदूर, कमेरा, छोटा व्यापारी व प्रदेशवासी इनेलो की ओर आस की नजर से देख रहे हैं। एसवाईएल मुद्दे पर नेता प्रतिपक्ष ने कहा कि सुप्रीम कोर्ट का निर्णय हरियाणा के पक्ष में आने के बाद भी एसवाईएल नहर के निर्माण के लिए खटटर सरकार व केंद्र की मोदी सरकार ने कोई कदम नहीं उठाया है। प्रदेश में इनेलो सरकार बनने पर 100 फीसदी एसवाईएल नहर का निर्माण करवाकर प्रदेश को जल संकट से बचाया जाएगा।
कांग्रेस व भाजपा की निकालेंगे शव यात्रा
चौटाला ने व्यंग करते हुए कहा कि प्रदेश की जनता से दूर हो चुकी कांग्रेस अब रथ यात्रा के नाम पर तो भाजपा मोटरसाइकिल यात्रा के नाम पर लोगों को गुमराह करना चाहती है लेकिन असल में सात मार्च को इनेलो दिल्ली में एक बड़ी किसान रैली करकेे भाजपा व कांग्रेस की शव यात्रा निकालेगी। उन्होंने कहा डबवाली हलका से भारी संख्या में कार्यकर्ता दिल्ली पहुंचकर केंद्र व प्रदेश में किसान विरोधी सरकार का आने वाले चुनाव में तख्ता पलटने का काम करे।
इस मौके पर पूर्व विधायक डॉ. सीता राम, जगरूप सकताखेड़ा, सर्वजीत मसीतां, रणवीर राणा, हरबंश भीटीवाला, प्रदीप गोदारा, कुलदीप गोदारा, रणदीप सिंह, विनोद अरोड़ा, नरेंद्र बराड़, गुलजिंद्र सोना, गिरधारी बिस्सू, कुलदीप जम्मू, संदीप गंगा, मोहन सहू, हंसराज घुकांवाली, धेला राम सुथार, जगदेव असीर, भोला सिंह, गुरमेल सालमखेड़ा, गुरजंट तिगड़ी, बलवीर, कृपाल सिंह, अमृतपाल वाइस चेयरमैन, मंदर सिंह सरां, संदीप गर्ग, युवा शहरी प्रधान विपिन मोंगा, लवली मेहता, राकेश शर्मा, मनजीत सिंह, दीपक बागड़ी, सुखविंद्र सरां, ममता मिढा, अंकुश मोंगा, केके सेठी, लभू सेठी, काली मिढा, अशोक, नरेश, हन्नी कुंडर ओढां, साहब राम, मनोज डांगी, कुलदीप असीर, जगतारा सिंह डबवाली, नछत्र पूर्व सरपंच लौहगढ आदि मौजूद रहे।
बीमा योजना के नाम पर हुई लूट को ब्याज समेत दिलाएंगे वापस : अभय चौटाला
भाजपा और कांग्रेस की सात मार्च को निकालेंगे शव यात्रा
अभय चौटाला ने पंजाबी धर्मशाला में कार्यकर्ताओं को किया संबोधित