सिरसा में पैर पसार रहा है डेंगू, 30 मरीज डेंगू पॉजिटिव
अमर उजाला ब्यूरो
सिरसा।
जिले में डेंगू ने पैर पसारने शुरूकर दिए हैं। अब तक डेंगू के 30 पॉजिटिव केस पाए जा चुके हैं। वर्ष 2015 में 201 केस सामने आए थे। पिछले साल डेंगू के 21 पॉजिटिव केस पाए गए थे। स्वास्थ्य विभाग ने डेंगू व मलेरिया से निपटने के लिए स्पेशल ऑपरेशन शुरू कर दिया है। इसके तहत शहरी व ग्रामीण क्षेत्रों में दवा का छिड़काव किया जा रहा है। जिलेभर में हर स्थानों पर फॉगिंग की जा रही है। इसके अलावा स्वास्थ्य विभाग की टीमें घर-घर जाकर लोगों को जागरूक कर रही हैं। डेंगू से प्रभावित रोगियों का उपचार शहर के सरकारी व प्राइवेट अस्पतालों में चल रहा है। स्वास्थ्य विभाग की मानें तो अगस्त, सितंबर, अक्टूबर व नवंबर के महीनेे डेंगू फैलने वाले महीने माने जाते है। जिन मरीजों को डेंगू बुखार के लक्षण दिखाई दिए हैं। उन 40 मरीजों के खून के नमूने स्वास्थ्य विभाग की तरफ से लिए गए थे। इनमें से 30 नमूने से जांच में पॉजिटिव पाए गए। मलेरिया रोगियों का आंकड़ा भी 50 से ऊपर चला गया है।
---------------------
कैसे होता है डेंगू
डेंगू हवा, पानी, साथ खाने से या छूने से नहीं फैलता है। मादा जाती के एडिज नामक मच्छर के काटने से होता है। अगर किसी व्यक्ति को डेंगू है और उस व्यक्ति को यह मच्छर काट कर उसका खून पिता है तो उस मच्छर में डेंगू वायरस युक्त खून चला जाता है। जब यह संक्रमित मच्छर किसी स्वस्थ व्यक्ति को काट लेता है तो डेंगू वायरस उस स्वस्थ व्यक्ति में चला जाता है। जिससे डेंगू फैलता है।
-----------------------------
मच्छर की पहचान
यह दिन में ज्यादा सक्रिय होते हैं।
इन मच्छर के शरीर पर चीते जैसी धारियां होती है।
ज्यादा ऊपर तक नहीं उड़ पाते है।
ठंडे और छाव वाले जगहों पर रहना ज्यादा पसंद करते हैं।
पर्दो के पीछे या अंधेरे वाली जगह पर रहते हैं।
पानी सुख जाने के बाद भी इनके अंडे 12 महीनों तक जीवित रह सकते हैं।
-----------
डेंगू के लक्षण
संक्रमित मच्छर के काटने के 3 से 14 दिनों बाद डेंगू के लक्षण दिखने शुरू होते है।
तेज ठंडी लगकर बुखार आना, सिरदर्द, आंखों में दर्द, बदन दर्द व जोड़ो में दर्द
भूख कम लगना, जी मचलाना, उलटी, दस्त लगना
गंभीर स्थिति में आंख, नाक में से खून भी निकल सकता है।
------------------
डेंगू बचाव के उपाय
घर के अंदर और आस-पास पानी जमा न होने दें।
बर्तन को खाली कर रखे या उसे उलटा कर कर रख दें।
अगर आप किसी बर्तन, ड्रम या बाल्टी में पानी जमा कर रखते है तो उसे ढक कर रखें।
अगर किसी चीज में हमेशा पानी जमा कर रखते है तो पहले उसे साबुन और पानी से अच्छे से धो लेना चाहिए, जिससे मच्छर के अंडे को हटाया जा सके।
कूलर का काम न होने पर उसमे जमा पानी निकालकर सुखा कर दें।
किसी भी खुली जगह में जैसे की गड्डो में, गमले में या कचरे में पानी जमा न होने दें।
ऐसे कपड़े पहने जो पूरे शरीर को ढक सकें।
-------------------------------------
सिविल अस्पताल में है उपचार की सुविधा
इस बार डेंगू की जांच के लिए एकत्रित किए गए सैंपलों की जांच में 30 मरीज डेंगू पॉजिटिव पाए गए हैं। जिलेभर में दवा का छिड़काव और फोगिंग आदि करवाई जा रही है। लोग अपने घरों और आसपास क्षेत्र में साफ सफाई का ध्यान रखें। पानी को एकत्रित न होने दें। सिविल अस्पताल में डेंगू मरीजों के उपचार के लिए हर प्रकार की सुविधाएं और प्रबंध किए गए हैं। अलग से वार्ड भी बनाया गया है।
डॉ. दीप, जिला मलेरिया अधिकारी सिरसा।