महिला को टेलीग्राम एप से जोड़कर दिया था शेयर मार्केट में मुनाफा कमाने का लालच
फोटो 28
संवाद न्यूज एजेंसी
सिरसा। साइबर क्राइम थाना पुलिस ने शेयर मार्केट में निवेश के नाम पर ठगी करने वाले गिरोह के दो सदस्यों को जयपुर से गिरफ्तार किया है। आरोपी कमल निवासी गांव मारवा जिला जयपुर व राकेश निवासी गांव टयोढ जिला अजमेर राजस्थान का रहने वाला है।
पुलिस अधीक्षक दीपक सहारन ने बताया कि खैरपुर कॉलोनी सिरसा निवासी एक महिला ने अपनी शिकायत में बताया कि 26 दिसंबर 2025 को उसके मोबाइल फोन पर एक अज्ञात नंबर से एक लिंक प्राप्त हुआ। जैसे ही उसने उस लिंक पर क्लिक किया वह टेलीग्राम ऐप से जुड़ गई। लिंक पर उसे शेयर मार्केट में ट्रेडिंग के जरिए भारी मुनाफा कमाने के आकर्षक संदेश दिखाए गए।
साइबर ठगों ने महिला को अपने जाल में फंसाने के लिए शुरू में उसके द्वारा निवेश की गई छोटी राशि पर नकली मुनाफा दिखाया और कुछ पैसे उसके खाते में वापस भी भेजे। इससे महिला का विश्वास बढ़ गया और उसने अधिक लाभ के लालच में आकर धीरे-धीरे कुल 2 लाख 89 हजार रुपये निवेश कर दिए।
जब उसने अपनी पूरी राशि निकालने का प्रयास किया तो संबंधित लिंक बंद हो गया तब उसे ठगी का अहसास हुआ। महिला की शिकायत पर पुलिस ने 20 मार्च 2026 को प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू की।
जांच के दौरान पुलिस ने शुक्रवार को जयपुर से दो आरोपियों गिरफ्तार कर लिया। एसपी ने बताया कि पुलिस गहनता से मामले की जांच कर रही है। दोनों आरोपियों को अदालत ने न्यायिक हिरासत में भेज दिया है।