पर्याप्त बिजली सप्लाई न आने पर शहरवासियों ने जताया रोष
कालांवाली। वार्ड नंबर 13 की जंगीर सिंह कालोनी में स्थित नशामुक्ति केंद्र के पीछे स्थित बस्ती में लोगों को पिछले कई महीनों से पर्याप्त मात्रा में बिजली सप्लाई नहीं मिल पा रही है। वार्डवासियों ने बुधवार को डबवाली रोड पर स्थित बिजली निगम कार्यालय में एकत्रित होकर सरकार व संबंधित विभाग के खिलाफ नारेबाजी करते हुए रोष व्यक्त किया। उन्होंने सरकार व बिजली विभाग से बस्ती में नया बिजली ट्रांसफार्मर लगाकर थ्री फेस बिजली सप्लाई देने और नई बिजली तारें डालकर बिजली सप्लाई देने की मांग की है।
वार्डवासियों गुलाब सिंह, विजय सिंह, बनवारी नाथ, हरि राम, मनदीप सिंह, जगसीर सिंह, अमरजीत, सुरेंद्र शर्मा, गुरदीप कौर, रानी कौर, माना देवी, कुलदीप कौर, कमलेश देवी, कल्पना रानी ने बताया कि उनकी बस्ती में करीब 150 घर हैं। हर घर में बिजली कनेक्शन है और नियमित बिजली बिल भरते हैं। उनकी बस्ती में बिजली विभाग की ओर से पर्याप्त बिजली देने के लिए ना तो पर्याप्त ट्रांसफार्मर लगाए गए हैं और ना ही बिजली की सही तारें डाली गई हैं। पूरी बस्ती को सिंगल फेस से बिजली सप्लाई दी जाती है। जिसके चलते उनकी बस्ती में पिछले कई सालों से कम वोल्टेज से बिजली सप्लाई आ रही है। कम वोल्टेज बिजली के चलते उनके घर में लगे कूलर, फ्रिज, टीवी, पंखे, लाइटें आदि घरेलू उपकरण बिल्कुल भी नहीं चलते। विभाग के अधिकारियों पर भेदभाव का आरोप लगाते हुए कहा कि उनके वार्ड में ज्यादातर गरीब तबके के लोग होने के कारण वार्डवासियों की ओर से संबंधित विभाग के उच्चाधिकारियों को कई बार लिखित व मौखिक रूप में अवगत करवाने के बावजूद भी विभाग की ओर से कोई कार्रवाई नहीं की जा रही।
कोट्स:
उनके पास तीन दिन पहले ही बस्ती के लोग शिकायत लेकर आए थे। वे दो दिन कोर्ट के काम में व्यस्त थे। वे आज ही मौके का निरीक्षण कर बस्ती में रबड़ की तारें डलवा देते हैं।
-मोहन लाल, एसडीओ बिजली निगम कालांवाली।