सिरसा। चौ. देवीलाल विश्वविद्यालय में डी-टाइप क्वार्टर के आगे बनाई गई ग्रीन बेल्ट के आसपास पक्का करने का काम शुरू किया है। लेकिन डी टाइप क्वार्टर में रहने वाले कुछ प्राध्यापकों ने इसके खिलाफ सीएम विंडो पर शिकायत दर्ज करवाई है। हालांकि विश्वविद्यालय प्रशासन का तर्क है कि वहां पार्किंग विकसित की जाएगी।
चौ. देवीलाल विश्वविद्यालय में 2007 में निर्मित डी टाइप क्वार्टर बनाते वक्त वाहनों के गुजरने के लिए सड़क बनाने उपरांत कुछ जगह ग्रीन बेल्ट के लिए छोड़ दी गई थी। बाद में जिन-जिन प्राध्यापकों को नीचे वाले क्वार्टर आवंटित हुए थे, उन्होंने अपने मकान के आगे ग्रीन बेल्ट को विकसित करने के लिए घास, फूल तथा पौधे लगाकर बढ़िया बगीची बना ली। लेकिन विश्वविद्यालय की इस्टेट ऑफिस ने इस जगहों को कुछ दिनों पहले पक्का करने का काम शुरू कर दिया। इस्टेट ऑफिस ने पेड़ के आसपास की जगह को पक्का करने का प्रस्ताव तैयार किया है। लेकिन कुछ प्राध्यापकों ने अपने घरों के आगे ग्रीन बेल्ट को उखाड़ने पर नाराजगी व्यक्त की। इसलिए प्राध्यापकों ने सीएम विंडो और केंद्रीय पर्यावरण विभाग के पब्लिक ग्रीवेंस सेल को भी शिकायत की है।
क्वार्टर के आगे जो पेड़ खड़े हैं, वे ज्यों के त्यों ही रहेंगे। उनके आसपास की जगहों को ही पक्का किया जा रहा है। क्योंकि घरों के आगे कुछ प्राध्यापकों ने काफी हद तक अतिक्रमण किया था। ग्रीन बेल्ट को नहीं उखाड़ा गया।
- एसके विज, इस्टेट ऑफिसर, सीडीएलयू।