पुल से नीचे घग्गर में गिरी गाड़ी, पिता-पुत्र घायल
फतेहाबाद से गांव पन्नीवाला मोटा घर लौट रहे दोनों
अमर उजाला ब्यूरो
ओढ़ा। फतेहाबाद से गांव पन्नीवाला मोटा घर लौट रहे पिता-पुत्र गांव खैरेकां के निकट हादसे में घायल हो गए। गांव खैरेकां के निकट गाड़ी चला रहे अंकुश को नींद की झपकी आ गई। स्पीड ज्यादा होने के कारण गाड़ी नियंत्रित नहीं हुई और गाड़ी पुल से नीचे घग्गर नहर में जा गिरी। हादसे में गाड़ी सवार व्यक्ति को चोटें आई। जबकि गाड़ी चला रहा युवक बाल-बाल बच गया। गाड़ी लेकर लौट रहे गांव के ही लोगों ने दोनों को अस्पताल में पहुंचाया।
जानकारी के अनुसार अस्पताल में भर्ती गांव पन्नीवाला मोटा निवासी छतरपाल पुत्र बिहारीलाल और उनका बेटा अंकुश रविवार को फतेहाबाद अपनी डस्टर गाड़ी से रिश्तेदारी में गए हुए थे। सोमवार सुबह करीब साढ़े दस बजे दोनों घर लौट रहे थे। गाड़ी को अंकुश चला रहा था। गांव खैरेकां के निकट उसे अचानक नींद की झपकी आ गई। गाड़ी की रफ्तार ज्यादा होने के कारण गाड़ी कंट्रोल नहीं हुई और पुल की दीवार के उपर से उछलती हुई नीचे घग्गर नहर में जा गिरी। इस हादसे में गाड़ी सवार छतरपाल का एक कान कट गया। जबकि उसके बेटे को मामूली खरोंचें आई। सिरसा आ रहे गांव के ही लोगों ने दोनों को अपनी गाड़ी से अस्पताल पहुंचाया। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति का जायजा लेकर लोगों को वहां से हटाया।
फोटो: 04