अमर उजाला ब्यूरो
सिरसा।
जिला नागरिक अस्पताल में मेडिकल और नर्सिंग कॉलेज बनाने की संभावना को लेकर अतिरिक्त मुख्य सचिव चिकित्सा शिक्षा एवं अनुसंधान विभाग धनपत सिंह ने अधिकारियों के साथ दौरा किया। बीएनएम और बीएससी नर्सिंग कॉलेज, अस्पताल को सौ से 300 बेड का करने के लिए सीएमओ को प्रपोजल भेजने के लिए कहा गया, ताकि मेडिकल कॉलेज खोला जा सके।
अतिरिक्त मुख्य सचिव चिकित्सा शिक्षा एवं अनुसंधान विभाग धनपत सिंह ने शनिवार देर शाम स्थानीय नागरिक अस्पताल स्थित एएनएम प्रशिक्षण सेंटर और ट्रामा सेंटर का निरीक्षण किया। इस अवसर पर उनके साथ हरियाणा लोक सेवा आयोग के सदस्य डॉ. पवन कुमार और उपायुक्त प्रभजोत सिंह भी उपस्थित थे। इस अवसर पर धनपत सिंह ने एएनएम प्रशिक्षण सेंटर में ऑफिस, कंप्यूटर लैब, डेमॉन्सट्रेशन रूम, क्लास रूम, छात्रावास का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने छात्राओं से भी बातचीत की तथा उनके रहन-सहन, खान-पान और सुरक्षा व्यवस्था बारे भी जानकारी ली। इस दौरान उन्होंने छात्राओं और स्टाफ से उनकी समस्याएं भी जानी तथा उन्हें हल करवाने का आश्वासन दिया।
उन्होंने छात्राओं कहा कि यह प्रशिक्षण आपको केवल रोजगार नहीं देगा, बल्कि यह समाज सेवा का भी कार्य है, इससे आप स्वयं के पैरों पर खड़ी होंगी और आत्मविश्वास की भावना भी पैदा होगा। उन्होंने कहा कि इस क्षेत्र में रोजगार के बहुत अवसर हैं तथा विदेशों में भी इनकी बहुत अधिक डिमांड है।
इसके बाद धनपत सिंह ने स्थानीय नागरिक अस्पताल स्थित ट्रामा सेंटर का भी निरीक्षण किया। उन्होंने आईसीयू रूम, इमरजेंसी रूम तथा चिकित्सकों के कार्यालयों का निरीक्षण किया। उन्होंने मरीजों का हाल-चाल पूछा और उनकी बीमारियों में सुधार के बारे में जानकारी ली। उन्होंने सीएमओ से कहा कि इस सेंटर में जो भी समस्या है उसे लिखकर भेजें, ताकि उसके सरकार के समक्ष रखकर उसका समाधान करवाया जा सके। सिविल सर्जन डॉक्टर गोविंद गुप्ता ने बताया कि मरीजों के लिए समाज सेवी संस्था लंगर सेवा समिति द्वारा दिन में तीन बार भोजन की व्यवस्था नि:शुल्क कराई जा रही है।
प्रपोजल बनाकर भेजो
धनपत सिंह ने कहा कि नागरिक अस्पताल परिसर में काफी जगह है, यहां पर बीएनएम और बीएससी नर्सिंग कॉलेज खोले जाने को लेकर प्रपोजल बनाकर भेजो ताकि इस पर शीघ्र कार्रवाई हो सके। सीएमओ ने कहा कि सिरसा नागरिक अस्पताल को सरकार 100 बेड से 200 बनाने का प्रावधान कर चुकी है। इस पर धनपत सिंह ने कहा कि 300 से 400 बेड का प्रपोजल बनाकर भेजो, ताकि मेडिकल कॉलेज के लिए रास्ता साफ हो सके क्योंकि सरकार हर जिले में एक मेडिकल कॉलेज खोलने जा रही है।
कौन-कौन रहा मौजूद
इस अवसर पर उनके साथ उप सिविल सर्जन डॉ. विरेश भूषण, अधीक्षक कार्यकारी अभियंता पीडब्ल्यूडी (बीएंडआर) अजीत सिंह, एएनएम कॉलेज से उर्मिला आहूजा, विमला कंबोज, डॉक्टर सुमित कंबोज, स्टाफ नर्स हरजीत और शिमला सहित नागरिक अस्पताल के अन्य चिकित्सक और स्टाफ सदस्य उपस्थित रहे।
डेरा सच्चा सौदा में बनना था मेडिकल कॉलेज
जब प्रदेश सरकार डेरा सच्चा सौदा पर पूरी तरह से मेहरबान थी तब स्वास्थ्य मंत्री अनिल विज ने डेरा सच्चा सौदा का दौरा किया था और वहां के 400 बेड के शाह सतनाम जी अस्पताल को ही मेडिकल कॉलेज बनाने की घोषणा कर दी थी। इसके बाद मेडिकल कॉलेज खोलने की फाइल एक टेबल से दूसरी टेबल तक दौड़ने लगी थी। डेरा ने भी वर्ष 2018-19 में मेडिकल कॉलेज चालू करने की तैयारी शुरू कर दी थी, लेकिन डेरा प्रमुख को साध्वी मामले में सजा होने पर सारे प्रोजेक्ट धरे रह गए। अब सरकार डेरा के बजाय अन्य स्थान पर मेडिकल कॉलेज की संभावनाएं तलाश कर रही है।