अमर उजाला ब्यूरो
सिरसा।
सड़क हादसों को रोकने की दिशा में यातायात पुलिस की ओर से उठाए गए कदमों का असर दिखाई देने लगा है। पुलिस की ओर से पेट्रोल पंप संचालकों को बिना हेलमेट वाले दुपहिया वाहन चालकों को पेट्रोल न देने की हिदायत दी है, जिस पर पंप संचालकों ने अमल करना शुरू कर दिया है। अनेक पंप संचालकों ने इस आशय की सूचना पट्ट पर भी चस्पा कर दी है।
यातायात नियमों का मखौल उड़ाने वाले वाहन चालक अब बाइक में तेल डलवाने के लिए हेलमेट पहनने को मजबूर हो गए हैं। हालांकि अनेक वाहन चालक इसे गंभीरता से नहीं ले रहे। अनेक द्वारा तेल डलवाने के बाद हेलमेट को बाइक पर लटका लिया जाता है जबकि पुलिस की ओर से वाहन चालक की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए हेलमेट को लेकर सख्ती बरती गई है। सांगवान चौक स्थित शर्मा पेट्रोल पंप के संचालक पवन शर्मा ने बताया कि पुलिस प्रशासन के निर्देशों की पालना की जा रही है। बगैर हेलमेट वाले वाहन चालकों को तेल देने से इंकार किया जा रहा है। अब पंप पर दुपहिया वाहन चालक हेलमेट पहनकर ही तेल डलवाने के लिए पहुंच रहे हैं।
अब बिना हेलमेट के नहीं मिलेगा पेट्रोल
पुलिस प्रशासन के निर्देश पर पंप संचालक सख्त