अमर उजाला ब्यूरो
सिरसा।
राज्य कारागार विभाग के एडीजीपी सुधीर चौधरी शुक्रवार को सिरसा जेल का निरीक्षण करने पहुंचे। उनके जेल में पहुंचने पर जेल अधीक्षक अमित भादू ने उनका स्वागत किया। एडीजीपी ने करीब छह घंटे तक जेल में जारी गतिविधियों को बारीकी से देखा। उन्होंने जेल में कैदियों को आत्मनिर्भर बनाने के लिए उद्योगशाला में चल रहे उत्पादन कार्यों के बारे में जानकारी ली।
उन्होंने कहा कि यहां से कोई भी बंदी हुनर सीखकर अपना कौशल विकास कर सकता है। रिहा होने पर अपने पांव पर खड़ा होकर समाज की मुख्यधारा में शामिल हो सकता है। एडीजीपी ने कहा कि प्रदेश की जेलों में बंद कैदियाें का प्रधानमंत्री सुरक्षा बीमा योजना के तहत बीमा किया जाएगा। इसके तहत कैदियों का दो लाख रुपये का बीमा होगा।
उन्होंने कहा कि राज्य की 19 जेलों में सीसीटीवी कैमरों से पूरी तरह लैस किया जाएगा। ये कार्य प्रगति पर है और जल्द ही सिरसा सहित अन्य सारी जेलें सीसीटीवी युक्त हो जाएंगी। इसके साथ ही जेलों में वीडियो कान्फ्रेंसिंग की सुविधा होगी, जिससे कैदियों को पेशी पर ले जाने का झंझट नहीं रहेगा। जेल से ही बंदी अदालत में वीडियो कान्फ्रेंसिंग के माध्यम से पेशी भुगतेंगे। एडीजीपी सुधिर चौधरी ने कहा कि जेलों में जैमर लगाने का कार्य तेज गति से चल रहा है। जैमर लगने के बाद जेल में मोबाइल इस्तेमाल में नहीं लाए जा सकेंगे। सिरसा जेल में तीन नए बैरकों का निर्माण करवाया जा रहा है। जेल प्रशासन के कामकाज को बेहतर बनाने के लिए वे ग्रेडिंग सिस्टम शुरू कर रहे हैं। जिस जेल का कैदियों, प्रशासन और अन्य गतिविधियों में बेहतर प्रदर्शन होगा, उसे उसके मुताबिक ग्रेड दिए जाएंगे ताकि जेल प्रशासन में प्रतिस्पर्धा बनी रहे और सुधार कार्यों में तेजी आए।
एडीजीपी ने छह घंटे तक किया जेल का निरीक्षण
बैरक, कैंटीन, अस्पताल का लिया जाएजा, बंदियों की सुनीं समस्याएं
जेलों को किया जाएगा सीसीटीवी युक्त, जल्द ही सिरसा सहित अन्य जेलों में लगेंगे जैमर
कैदियों का प्रधानमंत्री बीमा योजना के तहत किया जाएगा दो लाख रुपये का बीमा