शहर की शिव नगर कॉलोनी में कोरोना संक्रमित युवक पाए जाने पर स्वास्थ्य विभाग और प्रशासन ने कॉलोनी को कंटेनमेंट जोन घोषित किया था। जहां शुरू दिन से ही लोगों को खाने पीने की दिक्कत आ रही है। सिरसा एसडीएम जयवीर यादव निरंतर लोगों की समस्याएं भी सुन रहे हैं, लेकिन कंटेनमेंट जोन में आधे से ज्यादा परिवारों तक राशन पहुंच ही नहीं पाया है। अभी तक कंट्रोल रूम से केवल 150 परिवारों तक ही राशन पहुंचाया गया है, जबकि कंटेनमेंट और बफर जोन में आने वाले 336 परिवार हैं। कंट्रोल रूम में कंटेनमेंट जोन से आने वाले फोन पर अधिकतर फोन राशन पहुंचाने को लेकर आ रहे हैं। कंटेनमेंट जोन में फोन कर कुछ लोग प्रेगनेंसी जांच किट की भी मांग कर रहे हैं।
बीती नौ मई को शहर की शिव नगर कॉलोनी में कोरोना संक्रमित युवक पाए जाने पर प्रशासन ने शिव नगर कॉलानी को कंटेनमेंट जोन घोषित कर दिया था। कंटेनमेंट जोन बनाने के बाद लगातार लोगों को परेशानी हो रही है कि जिस कारण कॉलोनी के लोग कभी एकत्रित होकर तो कभी वीडियो डालकर अपनी परेशानियों के बारे में जानकारी दे रहे हैं। जब अमर उजाला की टीम ने मौके पर जाकर देखा और कंट्रोल रूम में आ रहे फोन की जानकारी मांगी तो उसमें पाया गया कि दोपहर साढ़े 12 बजे तक कुल 16 फोन आए हुए थे, जिसमें 14 फोन केवल राशन न मिलने की ही शिकायत कर रहे थे। उन लोगों को कंट्रोल रूम में बैठे अधिकारी केवल एक ही आश्वासन दे रहे थे कि उन तक राशन पहुंच जाएगा। कंट्रोल रूम में मौजूद अधिकारियों का कहना है कि उन्होंने अभी तक केवल 150 परिवारों तक ही राशन पहुंचाया है, जबकि कंटेनमेंट जोन में कुल 336 घर हैं। इस अनुसार कंटेनमेंट जोन में अभी तक आधे से भी ज्यादा घरों तक राशन नहीं पहुंच पाया है।
फोन कर लोग मंगवा रहे प्रेगनेंसी जांच किट
प्रशासन ने कंटेनमेंट जोन में लोगों को सामान पहुंचाने के लिए कंट्रोल रूम का नंबर जारी किया था। जिस पर कंटेनमेंट जोन के लोग अपनी शिकायत और जो सामान उन्हें चाहिए उसके बारे में फोन कर मंगवा रहे हैं। इसी के चलते कंटेनमेंट जोन से कंट्रोल रूम में एक फोन आता है कि उन्हें प्रेगनेंसी जांच किट चाहिए तो कभी फोन आता है कि परिवेंशन किट उनके घर तक पहुंचा दो। जिसके बाद कंट्रोल रूम से एक व्यक्ति उक्त के घर तक जाता है और वह किट पहुंचाता है।
नाके पर पुलिसकर्मियों से लोग पूछ रहे कितने दिन और...
कंटेनमेंट जोन में लगाए गए नाकों पर ड्यूटी दे रहे पुलिसकर्मियों से कॉलोनी के लोग आकर पूछ रहे हैं कि कितने दिन और उन्हें घरों के अंदर ही बंद रहना होगा। लोग कहते हैं कि वह घर में बैठे उब गए हैं। वहीं नाके पर मौजूद पुलिस कर्मियों का कहना है कि लोग घर से बाहर आने का बहाना भी देख रहे हैं कि वह किसी प्रकार घर से बाहर निकलें। लेकिन प्रशासन के निर्देशानुसार किसी को भी अंदर या बाहर जाने की अनुमति नहीं है।
कंटेनमेंट जोन में आज बांटे जाएंगे सेनेटरी पैड
जानकारी के अनुसार शिव नगर कंटेनमेंट जोन में महिलाओं और लड़कियों के लिए बुधवार को सेनेटरी पैड बांटे जाएंगे। कंटेनमेंट जोन में सर्वे कर रही आशा वर्कर्स और स्वास्थ्य विभाग की टीमें घरों में जाकर सेनेटरी पैड बांटेंगी।
जिन लोगों के फोन आ रहे हैं उन तक सामान पहुंचाया जा रहा है। लोगों के फोन आते ही सामान के साथ युवक को कंटेनमेंट जोन में भेज दिया जाता है।
- विनोद मेहता, नोडल अधिकारी कंटेनमेंट जोन।