सिरसा। शिक्षा विभाग की ओर से जिले के राजकीय व निजी स्कूलों को यू-डाइज पोर्टल पूरी जानकारी भरनी होती है। जिले में अभी तक 275 स्कूलों के लिए यू-डाइज नहीं भरा है। इनमें सरकारी 132 और निजी 143 स्कूल शामिल हैं। इनमें लिए फार्म भरने की अंतिम तिथि 15 नवंबर है। यदि कोई यू डाइज नहीं भरता है तो स्कूल मुखिया के खिलाफ विभाग कार्रवाई करेगा।
शिक्षा विभाग की ओर से सरकारी व निजी स्कूलों को यूनिफाइड डिस्ट्रिक्ट इन्फॉर्मेशन सिस्टम (यू-डाइस) डाटा भरने के लिए दिया हुआ है। जिले के कुछ निजी स्कूल पोर्टल पर ऑनलाइन जानकारी भरने में आनाकानी करते हैं। इसी को गंभीरता से लेते हुए शिक्षा निदेशालय ने प्रदेश के सभी जिला शिक्षा अधिकारी व जिला मौलिक शिक्षा अधिकारियों को दिशा निर्देश जारी कर दिए है। जिले में कुल 1165 निजी व सरकारी स्कूल हैं। इसमें से अभी तक 892 स्कूलों ने ही यू-डाइज का फॉर्म भरा है। अभी 275 स्कूलों ने यू-डाइज फार्म नहीं भरा है और न ही विद्यार्थियों को नेशनल आईडी अभी तक दी है। 275 स्कूलों में 132 सरकारी स्कूलों और 143 निजी स्कूलों ने यू-डाइज नहीं भरा है। 15 नवंबर यानी बुधवार शाम 5 बजे तक यू-डाइज भरने की अंतिम तिथि है। कोई स्कूल यू-डाइज नहीं भरेगा उस पर विभागीय कार्रवाई की जाएगी।
55723 विद्यार्थियों की अभी भी नहीं बनी नेशनल आईडी
शिक्षा विभाग की ओर से सभी विद्यार्थियों की नेशनल आईडी बनाई जा रही है। जिले में कुल 2 लाख 25 हजार विद्यार्थियों की नेशनल आईडी बनाई जानी है। इसमें से 55 हजार 723 विद्यार्थियों की नेशनल आईडी नहीं बनी है।
इस प्रकार देना होता है डाटा
मौजूदा समय में किस स्कूल में कितने बच्चे हैं, कक्षाओं की संख्या, शिक्षकों की संख्या, लैब की संख्या, सुविधाएं, विद्यार्थी का संपूर्ण डाटा व अन्य जानकारी देनी होती है। वहीं स्कूल में बैंचों की संख्या, कुर्सियों की संख्या, शिक्षकों की योग्यता, वाहन व्यवस्था के बारे में बताना होगा। इसी जानकारी के आधार पर ही स्कूलों को शिक्षा विभाग की ओर से ग्रांट जारी की जाती है। अगर कोई यू डाइज नहीं भरता है तो ऐसे में उस स्कूल की विभाग की ओर से दी जाने वाली सुविधाएं रद्द कर दी जाएंगी।
15 नवंबर शाम 5 बजे तक यू-डाइज भरने का अंतिम दिन है। कोई स्कूल यू-डाइज फार्म निर्धारित तिथि तक नहीं भरेगा तो उस पर विभागीय कार्रवाई की जाएगी। शिक्षा विभाग को यू डाइज न भरने वाले स्कूल की मान्यता रद्द करने को लेकर पत्र लिखा जाएगा।
- सहीराम चाहर, जिला परियोजना अधिकारी, समग्र शिक्षा अभियान सिरसा।
-
जिले के 1165 सरकारी व निजी स्कूलों को यू डाइज भरा अनिवार्य है। जिसमें से 275 स्कूलों ने यू डाइज नहीं भरा है। 15 नवंबर अंतिम तिथि है।
- नीरज मक्क्ड़, जिला प्रोग्रामर, शिक्षा विभाग सिरसा।