अमर उजाला ब्यूरो
कालांवाली।
गांव तिलोकेवाला में रविवार को सरपंच पद का उपचुनाव शांतिपूर्वक संपन्न हुआ जिसमें पूर्व सरपंच सतेंद्रजीत सिंह ने रणबीर सिंह को 60 वोटों से पराजित किया। मतदान के दौरान तहसीलदार छोटू राम भाखर, डीएसपी किशोरी लाल, रिटर्निंग अधिकारी रूपेंद्र कुमार, डीडीपीओ कार्यालय से भूपसिंह, एसीपीओ भूप सिंह, थाना प्रभारी ओमप्रकाश पुलिस टीम के साथ मौके पर मौजूद रहे।
इस उपचुनाव को लेकर गांव में माहौल पूरी तरह से गर्माया हुआ था। इसके चलते उप चुनाव में करीब 92 प्रतिशत मतदान हुआ। चुनाव को लेकर पुलिस प्रशासन की ओर से सुरक्षा के पुख्ता बंदोबस्त किए गए थे। मतदान सुबह आठ बजे से शुरू हुआ। तीन उम्मीदवार मैदान में थे और हर कोई मतदाता को मतदान करने के लिए प्रेरित कर रहा था। इस चुनाव में निर्धारित समय शाम चार बजे तक कुल 1080 मतों में से 990 मतदाताओं ने मत का प्रयोग किया। पहली बार मतदान करने वाले युवा काफी खुश नजर आए। मतदान के बाद कुछ कागजी कार्यवाही के बाद मतों की गिनती शुरू कर दी गई।
इस चुनाव में सतेंद्रजीत सिंह को 476 मत प्राप्त हुए जबकि रणवीर सिंह को 416 वोट और कुलवंत सिंह को 71 वोट प्राप्त हुए। इसके अलावा 27 लोगों ने नोटा का प्रयोग किया। इस तरह सतेंद्रजीत सिंह 60 वोटों से विजयी रहे। चुनाव अधिकारी रूपेंद्र कुमार ने सतेंद्रजीत सिंह को मौके पर ही सरपंच के निर्वाचन का प्रमाण पत्र सौंपा। जीत के बाद नवनिर्वाचित सतेंद्रजीत सिंह ने अपने समर्थकों के साथ खुशी मनाई और कहा कि गांव के लोगों ने उन पर जो विश्वास जताया है वह उस पर खरा उतरेंगे और गांव के विकास के लिए कार्य करेंगे। इस मौके पर पूर्व चैयरमैन दलजीत सिंह, पूर्व सरपंच जगविंद्र सिंह खतरावां, बिट्टू सिंह, मक्खन सिंह,जसप्रीत सिंह, रामां सिंह, जगनंदन सिंह, बलदेव सिंह, पंच श्रंगारा सिंह, बलविंद्र सिंह, गुरदीप सिंह आदि मौजूद रहे।
पहले सरपंच को कर दिया था बर्खास्त
वर्ष 2016 के पंचायत चुनावों में तिलोकेवाला से बूटा सिंह सरपंच चुने गए थे। उस समय नामांकन प्रस्तुत करते समय उन्होंने शपथ पत्र दिया था कि उसका किसी पंचायती जमीन पर कब्जा नहीं है। गांव के ही पूर्व सरंपच सतिंद्रजीत सिंह ने बूटा सिंह पर पंचायती जमीन पर कब्जे का आरोप लगाते हुए उसके खिलाफ जांच की मांग की। जिस पर फरवरी 2016 को जमीन की पैमाइश करवाई गई। उक्त रिपोर्ट में अवैध कब्जे की रिपोर्ट दी गई। रिपोर्ट के आधार पर डीसी से सरपंच बूटा सिंह के खिलाफ कार्रवाई करने की मांग की जिस पर कार्रवाई करते हुए डीसी ने चुनाव के समय झूठा शपथपत्र देने व पंचायती भूमि पर अवैध कब्जा करने के मामले में दोषी पाए जाने पर गांव तिलोकेवाला के सरपंच बूटा सिंह को पदच्युत करने के आदेश दिए हैं। उन्होंने उसे पंाच वर्ष के लिए चुनाव लड़ने के भी अयोग्य करार दिया और हटाए गए सरपंच बूटा सिंह को तुरंत प्रभाव से पंचायत का रिकॉर्ड बहुमत रखने वाले पंच को सौंपने के आदेश दिए थे। इसके बाद हटाए गए सरपंच बूटा सिंह ने कई याचिका दायर कर अपना पक्ष रखा लेकिन असफल रहे।
ये रहे उम्मीदवार
1. कुलवंत सिंह पुत्र गुरदेव सिंह गांव तिलोकेवाला
उम्र- 30 वर्ष
योग्यता- बाहरवीं
व्यवसाय - मजदूरी
राजनीति पार्टी- नहीं, पहली बार राजनीति में आए
------------------------
2. रणबीर सिंह पुत्र हरनेक सिंह निवासी गांव तिलोकेवाला
उम्र- 60 वर्ष
योग्यता- बीए
व्यवसाय- खेतीबाड़ी
राजनीति पार्टी- इनेलो
मौजूदा पंचायत में वार्ड नंबर चार से गांव के पंच भी है।
---------------------------
3. सतेंद्रजीत सिंह निवासी गांव तिलोकेवाला
उम्र- 41 वर्ष
योग्यता- बाहरवीं
व्यवसाय- खेतीबाड़ी
राजनीति पार्टी- कांग्रेस
सर्वसम्मति से सरपंच चुनने के बाद 2005 से लेकर 2010 तक गांव के सरपंच रह चुके हैं।
----------------
सतेंद्रजीत सिंह को गांव तिलोकेवाला की चौधर
सरपंच पद के चुनाव में 60 मतों से रणबीर सिंह को किया पराजित
92 प्रतिशत हुआ मतदान