सिरसा। सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूकता की अलख जगाने और हादसों पर अंकुश लगाने के उद्देश्य से 14 अक्तूबर को जिले के स्कूलों में खंडस्तरीय सड़क सुरक्षा प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता आयोजित की जाएगी। प्रतियोगिता में जिले के करीब 14,431 विद्यार्थी यातायात नियमों की समझ और सुरक्षा संबंधी ज्ञान को परखेंगे।
प्रतियोगिता का आयोजनसुबह 11 से दोपहर 12 बजे तक होगा। खंडस्तर पर प्रथम और द्वितीय स्थान हासिल करने वाले विद्यार्थियों को जिला स्तरीय प्रतियोगिता में अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर मिलेगा। पुलिस विभाग ने शिक्षा विभाग के सहयोग से प्रतियोगिता की तैयारियां पूरी कर ली हैं। इसके लिए विशेष टीमें गठित की गई हैं जो स्कूलों और कॉलेजों में पहुंचकर प्रबंधन को प्रतियोगिता की जानकारी देंगी और तैयारियों का जायजा लेंगी।
यातायात थाना प्रभारी इंस्पेक्टर शमशेर सिंह ने बताया कि पुलिस महानिरीक्षक, हाईवे एवं यातायात, हरियाणा, करनाल तथा पुलिस अधीक्षक दीपक सहारन के निर्देशानुसार प्रतियोगिता आयोजित की जा रही है। इसके माध्यम से विद्यार्थियों को यातायात संकेतों, सड़क सुरक्षा नियमों, निर्धारित गति सीमा और सड़क दुर्घटनाओं से बचाव के तरीकों से जुड़े सवाल पूछकर जागरूक किया जाएगा।
बचपन में सीखी आदतें आएंगी जीवनभर काम
सिंह ने कहा कि बच्चों को छोटी उम्र से ही यातायात नियमों की जानकारी देना जरूरी है। बचपन में सीखी गई अच्छी आदतें जीवनभर काम आती हैं। हेलमेट पहनना, सीट बेल्ट लगाना, निर्धारित गति सीमा में वाहन चलाना, यातायात संकेतों को समझना और सड़क पार करते समय सावधानी बरतना दुर्घटनाओं से बचाव में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। जागरूक विद्यार्थी स्वयं सुरक्षित रहने के साथ अपने परिवार और आसपास के लोगों को भी नियमों का पालन करने के लिए प्रेरित कर सकते हैं।
लापरवाही बन सकती है हादसे का कारण
थाना प्रभारी ने कहा कि सड़क पर थोड़ी सी लापरवाही भी गंभीर हादसे का कारण बन सकती है। यातायात नियमों का पालन करना प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी है। पुलिस की ओर से समय-समय पर जागरूकता कार्यक्रम और गोष्ठियां आयोजित कर सुरक्षित सफर का संदेश दिया जाता है। उन्होंने अभिभावकों और शिक्षकों से अपील की कि वे बच्चों को यातायात नियमों का पालन करने के लिए प्रेरित करें। जिला स्तरीय परीक्षा की तिथि बाद में घोषित की जाएगी।