राजस्थान के रहने वाले हैं चारों आरोपी, पायलट कार के साथ चल रही थी पिकअप
भारतमाला रोड पर पुलिस ने पकड़ा
फोटो 45
संवाद न्यूज एजेंसी
डबवाली। पुलिस ने मादक पदार्थ तस्करी के एक बड़े नेटवर्क का भंडाफोड़ करते हुए चार आरोपियों नरसीराम, नरसीदास, तेजाराम और रितिक सैन को गिरफ्तार किया है। आरोपी राजस्थान से पंजाब में प्याज सप्लाई करने की आड़ में डोडा पोस्त की तस्करी कर रहे थे। चारों राजस्थान के रहने वाले हैं। तस्करी में इस्तेमाल की जा रही पिकअप को एक अलग कार पायलट कर रही थी।
सोमवार को डीएसपी संदीप धनखड़ ने बताया कि सीआईए डबवाली और एएनसी की टीम रविवार को गांव सकता खेड़ा के पास गश्त कर रही थी। इसी दौरान उन्हें सूचना मिली कि राजस्थान की ओर से आ रही एक पिकअप गाड़ी में बड़ी मात्रा में डोडा पोस्त पंजाब ले जाया जा रहा है। उसके आगे एक कार पायलट के रूप में चल रही है।
सूचना के आधार पर पुलिस ने भारतमाला रोड पर नाकेबंदी कर दी। कुछ देर बाद एक सफेद कार गांव चौटाला की तरफ से आती दिखाई दी जिसे रोककर जांच की गई। कार में सवार दो व्यक्तियों की पहचान रितिक सैन और नरसीराम, दोनों जिला नागौर राजस्थान के रहने वाले हैं।
इसी दौरान पीछे से आ रही पिकअप को भी रोक लिया गया जिसमें प्याज से भरे कट्टे लदे थे। पिकअप में सवार दो अन्य आरोपियों की पहचान नरसीदास और तेजाराम, निवासी जिला नागौर के रूप में हुई।
तलाशी लेने पर प्याज की बोरियों के बीच छिपाकर रखे गए पांच कट्टों में कुल एक क्विंटल 490 ग्राम डोडा पोस्त बरामद हुआ। इसकी अनुमानित कीमत करीब 15 लाख रुपये बताई गई है।
पुलिस ने चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके खिलाफ मादक पदार्थ अधिनियम के तहत प्राथमिकी दर्ज की है। डीएसपी ने बताया कि आरोपियों को अदालत में पेश कर पुलिस रिमांड लिया जाएगा ताकि तस्करी के नेटवर्क के अन्य गुर्गों के बारे में जानकारी जुटाई जा सके।
नरसी राम पहले करता था शराब की तस्करी, दर्ज हैं दो केस
डीएसपी ने बताया कि आरोपी नरसी राम 12वीं पास है। वह पिकअप पर तीन साल से सब्जी बेचने का काम करता है। पहले वह सब्जी बेचने की आड़ में शराब तस्करी का काम करता था। उसके खिलाफ शराब तस्करी के दो केस पहले से दर्ज हैं। एक केस पाली राजस्थान में तो दूसरा हमीरगढ़ बॉर्डर गुजरात में दर्ज है।
आरोपी तेजाराम भी बेचता है सब्जी
आरोपी तेजाराम 10वीं पास है। वह 6 सालों से ड्राइवरी का काम करता है। करीब एक साल से वह नरसी राम के साथ डोडा पोस्त तस्करी का काम कर रहा था। उसके पास भी पिकअप गाड़ी है। इसपर वह सब्जी बेचने का काम करता है। वहीं, आरोपी रितिक सैन 12वीं पास है। वह कार किराए पर चलाता है। वह अपने साथी नरसीराम के साथ पिकअप को पायलट कर रहा था।