सिरसा। सिरसा लोकसभा क्षेत्र के लिए नियुक्त किए गए सामान्य पर्यवेक्षक सौरभ कुमार ने कहा कि मतदान प्रक्रिया में माइक्रो ऑब्जर्वर की अहम भूमिका होती है। ऐसे में वे भारत निर्वाचन आयोग के नियमानुसार मतदान प्रक्रिया को संपन्न कराएं। उन्होंने अधिकारियों की बैठक में लोकसभा क्षेत्र में चुनाव प्रक्रिया को निष्पक्ष व सफलतापूर्वक संपन्न करवाने के लिए तैनात किए गए माइक्रो ऑब्जर्वर को उनकी जिम्मेवारियों को एक-एक कर बताया तथा इसके सही निर्वहन के बारे में आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
सिरसा लोकसभा क्षेत्र में 435 माइक्रो ऑब्जर्वर की ड्यूटी लगाई गई है। सभी को उनके कार्य संबंधी जानकारियों का प्रशिक्षण करवाया। इस अवसर पर सिटीएम जयवीर यादव, चुनाव तहसीलदार रामनिवास जांगड़ा, मक्खन सिंह लेखाकार सहित अन्य अधिकारी उपस्थित थे। उन्होंने प्रशिक्षण ले रहे सभी माईक्रो ऑब्जर्वर को कहा कि लोकसभा आम चुनाव- 2019 को निष्पक्ष व पारदर्शी तरीके से संपन्न करवाने तथा मतदान प्रक्रिया पर नजर रखते हुए अपनी अहम भूमिका निभाएं। उन्होंने कहा कि माइक्रो ऑब्जर्वर पूरी पारदर्शिता के साथ सतत निगरानी रखें ताकि मतदान प्रक्रिया सुचारु रूप से संपन्न हो सके। उन्होंने कहा कि 12 मई को होने वाले मतदान के दिन हर गतिविधि पर पारखी नजर रखने की जिम्मेदारी माइक्रो आब्जर्वर की है, ऐसे में पूरी गंभीरता से वे अपने इस दायित्व का निर्वहन करें। उन्होंने स्पष्ट किया कि माइक्रो ऑर्ब्जवर अपनी मतदान प्रक्रिया संपन्न होने उपरांत रिपोर्ट दे सकते हैं। वे मतदान के दौरान किसी भी रूप से प्रक्रिया को बाधित नहीं कर सकते। उन्होंने भारत निर्वाचन आयोग की ओर से प्रदत्त शक्तियों के बारे में विस्तार से जानकारी माइक्रो ऑब्जर्वर को दी। प्रशिक्षण कार्यक्रम में माइक्रो ऑब्जर्वर्स को चुनाव प्रक्रिया की जानकारी के साथ मौके पर ही ईवीएम व वीवीपैट मशीनों पर हैंड्स-ऑन ट्रेनिंग देकर मशीनों के संचालन के संबंध में प्रशिक्षित किया गया।