फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Sirsa News: 12019 ने दी परीक्षा, 2219 परीक्षार्थी रहे अनुपस्थित

Mon, 06 Jul 2026 12:59 AM IST
अमर उजाला ब्यूरो संवाद न्यूज एजेंसी, सिरसा
विज्ञापन
परीक्षा केंद्र के बाहर लगी लाइन।  संवाद 
विज्ञापन
दूसरे दिन दो पालियों में हुई हरियाणा अध्यापक पात्रता परीक्षा, पीने के पानी व्यवस्था न होने से परेशान हुए परीक्षार्थी
विज्ञापन

फोटो 37 से 39
संवाद न्यूज एजेंसी
सिरसा। हरियाणा अध्यापक पात्रता परीक्षा का दो दिवसीय आयोजन रविवार को जिले में शांतिपूर्ण और व्यवस्थित ढंग से संपन्न हो गया। दूसरे दिन भी सभी परीक्षा केंद्रों पर सुरक्षा व्यवस्था पूरी तरह चाक-चौबंद रही। पुलिस अधीक्षक दीपक सहारण, विभिन्न उप पुलिस अधीक्षक और संबंधित थाना प्रभारियों ने परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण कर सुरक्षा प्रबंधों का जायजा लिया।

गर्मी के मौसम में पीने के लिए पानी को परीक्षार्थियों के परिजनों को परेशानी का सामना करना पड़ा। जेसीडी के बाहर पीने पानी की कोई व्यवस्था नहीं थी। परिजन एक किलोमीटर दूर जेल के पेट्रोल पंप पर लगे वाटर कूलर से पानी लेकर आ रहे थे। पेड़ों के नीचे गुजारा करना पड़ रहा था। इस व्यवस्था का लाभ उठाने वालों की कमी भी नहीं थी।
विज्ञापन

सेंटरों के बाहर रेहड़ी लगाकर लोगों ने 20 रुपये की पानी की बोतल 30 रुपये तक बेची। चाय का एक कप 25 रुपये में दिया। कालांवाली निवासी महिपाल ने बताया कि पीने के पानी को लेकर प्रशासन ने कोई व्यवस्था नहीं की है। गर्मी के मौसम में हालात खराब है। लोगों को एक किलोमीटर दूर से पानी लाना पड़ रहा है।
रविवार को सुबह के सत्र में लेवल-2 (टीजीटी) की परीक्षा जिले के 24 केंद्रों पर आयोजित की गई। इस परीक्षा के लिए 7,463 अभ्यर्थी पंजीकृत थे जिनमें से 6,390 अभ्यर्थियों ने परीक्षा दी जबकि 1,073 अभ्यर्थी अनुपस्थित रहे। इनमें 1,828 पुरुष और 4,562 महिला अभ्यर्थी शामिल हुए जबकि 339 पुरुष और 734 महिला अभ्यर्थी परीक्षा में शामिल नहीं हो सके।
दोपहर बाद लेवल-1 (पीआरटी) की परीक्षा जिले के 9 केंद्रों पर आयोजित हुई। इस परीक्षा में 2,865 पंजीकृत अभ्यर्थियों में से 2,282 ने परीक्षा दी, जबकि 583 अभ्यर्थी अनुपस्थित रहे। इसमें 834 पुरुष और 1,448 महिला अभ्यर्थी शामिल हुए जबकि 252 पुरुष और 331 महिला अभ्यर्थी परीक्षा में नहीं पहुंचे।
दोनों सत्रों को मिलाकर कुल 10,328 अभ्यर्थियों में से 8,672 ने परीक्षा दी जबकि 1,656 अभ्यर्थी अनुपस्थित रहे। प्रशासन की ओर से परीक्षा को नकलमुक्त और पारदर्शी बनाने के लिए व्यापक प्रबंध किए गए थे।
डायल-112 की तत्परता से महिला परीक्षार्थी समय पर पहुंची केंद्र

परीक्षा के दौरान डायल-112 की मानवीय पहल भी देखने को मिली। सुखप्रीत नामक एक महिला परीक्षार्थी गलती से चौधरी देवीलाल विश्वविद्यालय (सीडीएलयू) स्थित परीक्षा केंद्र पर पहुंच गईं जबकि उनका वास्तविक केंद्र डीएवी स्कूल में था। सूचना मिलते ही डायल-112 की टीम ने तत्परता दिखाते हुए उन्हें वाहन से तुरंत निर्धारित परीक्षा केंद्र तक पहुंचाया जिससे वह समय पर परीक्षा में शामिल हो सकीं। सुबह के सत्र में शाह सतनाम जी बॉयज स्कूल और शाह सतनाम जी गर्ल्स स्कूल के समान नामों के कारण कई अभ्यर्थी भ्रमित हो गए और गलत केंद्र पर पहुंच गए। बाद में अधिकारियों और कर्मचारियों ने उन्हें सही परीक्षा केंद्र की जानकारी देकर वहां भेजा।

कई स्तरों पर हुई जांच
सुबह की परीक्षा 10 बजे से 12 बजे तक आयोजित हुई जबकि अभ्यर्थियों की एंट्री सुबह 7:50 बजे से शुरू कर दी गई थी। दोपहर का सत्र 3 बजे से शाम 5:30 बजे तक चला। इसके लिए प्रवेश दोपहर 12:50 बजे से शुरू हुआ। परीक्षा केंद्रों पर अभ्यर्थियों को कई स्तर की सुरक्षा जांच से गुजरना पड़ा। एडमिट कार्ड और आधार कार्ड के मिलान के बाद ही प्रवेश दिया गया। प्रवेश द्वारों पर पहचान सत्यापन के साथ-साथ सामान की भी गहन जांच की गई।
महिला अभ्यर्थियों को उतारने पड़े गहने
सरकारी दिशा-निर्देशों के बावजूद कई महिला अभ्यर्थी नोज पिन, कंगन, चूड़ियां, धागा और अन्य आभूषण पहनकर परीक्षा केंद्रों पर पहुंचीं। प्रवेश से पहले उन्हें ये सभी वस्तुएं बाहर उतारनी पड़ीं। विवाहित महिला अभ्यर्थियों को मंगलसूत्र और बिंदी के साथ प्रवेश की अनुमति दी गई जबकि सिख अभ्यर्थियों को धार्मिक परंपरा के अनुसार कृपाण ले जाने की छूट दी गई।
विज्ञापन


केंद्रों के आसपास रही कड़ी पाबंदी
सुरक्षा व्यवस्था के तहत परीक्षा केंद्रों के आसपास स्थित फोटोस्टेट की दुकानें और कोचिंग संस्थान बंद रखे गए। प्रशासन की ओर से केंद्रों के 400 मीटर के दायरे में आम लोगों की आवाजाही पर प्रतिबंध लगाया गया था। सघन चेकिंग, पुलिस की चौकसी और कड़े प्रतिबंधों के कारण पूरे दिन परीक्षा केंद्रों के आसपास सुरक्षा व्यवस्था प्रभावी रही।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें