चोपटा के राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान में प्रधानमंत्री राष्ट्रीय शिक्षुता रोजगार मेला आयोजित हुआ। इसमें 12 कंपनियों ने 188 छात्रों का चयन किया। इस पहल से छात्रों को रोजगार के नए अवसर मिले।
चोपटा। राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान (आईटीआई) में प्रधानमंत्री राष्ट्रीय शिक्षुता रोजगार मेले का वीरवार को आयोजन किया गया। संस्थान के 223 छात्र छात्राओं ने साक्षात्कार के माध्यम से मेले में भाग लिया। छात्रों की प्रतिभा और कौशल को देखते हुए 12 कंपनियों के चयन पैनल ने 188 छात्र-छात्राओं का चयन किया।
विज्ञापन
जूनियर अप्रेंटिसशिप अधिकारी अमनदीप ने बताया कि यह मेला छात्रों को सीधे कंपनियों से जोड़कर उनके कॅरिअर को नई दिशा देने के उद्देश्य से आयोजित किया गया था। इस मेले में जिला पार्षद नंदलाल बेनीवाल व सुभाष गुसाईंआना ने बतौर मुख्य अतिथि शिरकत की। उन्होंने ने विद्यार्थियों का उत्साह बढ़ाया।
अमनदीप ने बताया कि इस महत्वपूर्ण रोजगार मेले में देश की 12 प्रतिष्ठित औद्योगिक कंपनियां संस्थान परिसर में पहुंची। विभिन्न ट्रेडों में प्रशिक्षित छात्रों को नौकरी और शिक्षुता के अवसर प्रदान करने के लिए कंपनियों ने उत्साह दिखाया। संस्थान के प्रधानाचार्य बुध राम ने चयनित छात्रों को बधाई देते हुए कहा कि यह मेला हमारे छात्रों के लिए औद्योगिक जगत में प्रवेश करने का एक शानदार मंच है।
विज्ञापन
हमारा लक्ष्य है कि आईटीआई से पास होने वाला हर छात्र केवल कुशल कारीगर न बने, बल्कि सम्मानजनक रोजगार पाकर देश के विकास में योगदान दे। उनके साथ स्टाफ राम कुमार, मनमोहन सिंह जगदीश, सुभाष और मनप्रीत आदि मौजूद रहे और व्यवस्थाओं में सहयोग किया।