भारूखेड़ा के साथ हुई मारपीट मामले में थाना पहुंचे किसान।
- फोटो : Sirsa
सिरसा। किसान नेता प्रहलाद सिंह भारूखेड़ा के साथ मारपीट किए जाने मामले में पुलिस ने अब तीन नामजद सहित 12 लोगों के खिलाफ विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है। वहीं मामले के आरोपियों पर कार्रवाई किए जाने की मांग को लेकर मंगलवार को किसान भी शहर थाना प्रभारी से मिलने के लिए पहुंचे। किसानों ने पुलिस को 24 घंटे में आरोपियों को गिरफ्तार करने का अल्टीमेटम दिया है।
पुलिस को दी शिकायत में घायल प्रहलाद सिंह भारूखेड़ा की पत्नी मनीता महेश्वरी ने बताया कि वह सी ब्लॉक में रहते है। सोमवार की सुबह उसका पति कार में सवार होकर खेत की तरफ जा रहा था। इसी दौरान रास्ते में जेजे कॉलोनी में स्थित फैक्टरी के पास उसके पति की कार के आगे ट्रैक्टर ट्रॉली लगा दी और पीछे काले रंग की कार को खड़ा कर दिया और ताबड़तोड़ फायरिंग भी करनी शुरू कर दी। इसके बाद राजीव चांडक, सुमित चांडक निवासी हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी, ओम प्रकाश व 8/9 अन्य व्यक्तियों ने उसके पति पर हमला कर दिया। इस दौरान लाठी, डंडे, लोहे की रॉड, पिस्तौल व तलवारों से वार किया गया। जिसके कारण उसके पति के हाथ पैर, मुंह सहित शरीर के अन्य अंगों पर गहरी चोटें आई है। आरोपियों ने उनकी गाड़ी भी पूरी तरह से क्षतिग्रस्त कर दी। आरोपी उसके पति के साथ मारपीट के बाद उसे हुआ समझकर वहीं पर ही छोड़कर चले गए। मनीता ने बताया कि उसके पहले वाले पति के भाई के साथ उनका जमीन विवाद चल रहा था। जिसके चलते आरोपियों ने प्रहलाद सिंह को मारने की नीयत से उस पर हमला किया था। वहीं पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।