स्वास्थ्य विभाग टीम की ने डबवाली में चार दुकानों से छह सैंपल भरे
डबवाली। शहर में मिलावटी पदार्थों की बिक्री की शिकायतें मिलने के बाद बृहस्पतिवार को स्वास्थ्य विभाग एक्शन में आया। तीन सदस्यीय टीम ने शहर में चैकिंग अभियान चलाकर चार दुकानों से खाद्य पदार्थों के सैंपल भरे और उन्हें सील कर दिया। चौटाला रोड पर स्थित ईजी-डे में एक उपभोक्ता को फफूंदी लगे पनीर की बिक्री की गई थी, जिसकी शिकायत उपभोक्ता ने स्वास्थ्य विभाग को की थी। इस पर संज्ञान लेते हुए बृहस्पतिवार को टीम डबवाली पहुंची। उक्त टीम सबसे पहले ईजी-डे पहुंची। वहां से पनीर और दूध का एक-एक सैंपल लिया। उसके बाद इसी रोड पर स्थित वीटा बूथ से पनीर के दो सैंपल लिए। जैसे ही स्वास्थ्य विभाग की सेंपलिंग टीम की डबवाली में आने की खबर फैली तो दुकानदारों व डेयरी संचालकों में हडक़ंप मच गया। उक्त दोनों दुकानों से सैंपल लेने के बाद टीम बस स्टैंड के समीप स्थित चावला स्वीट्स पर पहुंची, वहां से खोया के सैंपल लिए। इसके बाद इसके सामने स्थित राजू वैष्णों ढाबा पर गई और वहां से भी पनीर के सैंपल लिए और उन्हें सील कर दिया। टीम ने चार दुकानों से करीब छह खाद्य पदार्थों के सैंपल लिए।
टीम इंचार्ज डॉ. अर्चित ने बताया कि विभागीय आदेशों पर सैंपलिंग की गई है। उक्त दुकानों से लिए गए सैंपलों को जांच के लिए चंडीगढ़ लैब में भेजा जाएगा। जांच रिपोर्ट आने के बाद आगामी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। उन्होंने कहा कि लोगों के स्वास्थ्य के साथ किसी को भी खिलवाड़ नहीं करने दिया जाएगा और विभाग का यह अभियान निरंतर जारी रहेगा।