सिरसा। शहर के ए ब्लॉक निवासी एक व्यक्ति के साथ प्लॉट बेचने के नाम पर दस लाख रुपये की धोखाधड़ी का मामला सामने आया है। इस संबंध में पीड़ित ने दो लोगों विनीत नारंग निवासी एफ ब्लॉक व अशोक गोयल निवासी गली अरोड़ा सुनारावाली, नोहरिया बाजार के खिलाफ केस दर्ज करवाया है। पुलिस को दिए बयान में एफ ब्लॉक निवासी कविल गखड़ ने बताया कि अशोक गोयल प्रॉपर्टी डीलर का काम करता है।
एयरफोर्स स्टेशन के सामने 3182 गज का एक प्लॉट था, जो कि अशोक गोयल ने उसे दिखाया और बिकाऊ बताया। जब उसने प्लॉट के मालिक के बारे में पूछा तो अशोक ने बताया कि यह प्लॉट नारंग कार्ड गैलरी वालों का है। उसने नारंग कार्ड गैलरी के मालिक विनित नारंग से बात की। दोनों ने मिलकर आपस में बातचीत कर बताया कि आने जाने के लिए आगे का रास्ता यूज होगा, उसके आगे तुम अपनी चारदीवारी करके अपने गोदाम भी बना सकते हो। प्लाट का सौदा 1,33,6200 रुपये में हो गया। उसने अशोक गोयल को एक लाख रुपये 11 अप्रैल 2021 को व नौ लाख रुपये 12 अप्रैल 2021 को टोकन अमाउंट के तौर पर दे दिए। विनित नारंग ने एक रसीद लिखकर दी। जब उसने जिला योजनाकार विभाग से पता किया तो पता चला कि उपरोक्त प्लॉट मीरपुर गांव का है, जो कृषि भूमि है और इसमें तामीर करना गैर कानूनी है। 100 फुट जगह नेशनल हाईव के कारण आगे खाली छोड़नी पड़ेगी और एयर फोर्स स्टेशन सामने होने के कारण प्रार्थी उस जगह पर सीएलयू लेने के बाद भी लेंटर नहीं डाल सकता। शेड का ही निर्माण करना होगा और न ही प्रथम व द्वितीय मंजिल बना सकेगा। डीटीपी कार्यालय से यह भी पता चला कि यह रकबा एक्वायर होगा। इस प्रकार दोनों ने धोखाधड़ी से उससे दस लाख रुपये की ठगी की है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर केस दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।