हरियाणा के झज्जर जिला सैनिक बोर्ड के अध्यक्ष एवं उपायुक्त अजित बालाजी जोशी ने कहा कि शहीद देश की अमूल्य धरोहर होते हैं, जो युवा पीढ़ी के हर कदम पर आदर्श बनते हैं।
ऐसे शूरवीरों को कभी भुलाया नहीं जा सकता। वीर शूरवीरों का सम्मान करते शहीदों की शहादत को याद रखते हुए हम देश को तरक्की की राह पर लेकर चलने का संकल्प लें।
वे सोमवार सुबह हरियाणा वीर एवं शहीदी दिवस के अवसर पर जिला सैनिक बोर्ड प्रांगण में स्थित युद्ध स्मारक पर पुष्प चक्र अर्पित करने उपरांत मौजूद पूर्व सैनिकों के साथ बातचीत कर रहे थे।
इससे पूर्व उपायुक्त ने शहर के रेवाड़ी-गुड़गांव रोड चौक पर स्थित अमर शहीद राव तुलाराम और शहीद भाग्त सिंह की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर वीर शहीदों को नमन किया।
उन्होंने शहीदी दिवस का जिक्र करते हुए बताया कि 23 सितंबर का दिन 1857 में प्रथम स्वतंत्रता संग्राम के महानायक अमर शहीद राव तुलाराम की शहादत पर हरियाणा वीर एवं शहीदी दिवस के रूप में मनाया जाता है।
प्रथम स्वतंत्रता संग्राम के दौरान राव तुलाराम ने अंग्रेजी हुकूमत के विरुद्ध मोर्चा संभालते हुए संघर्ष किया और आजादी की आवाज को बुलंद करने में महत्ती भूमिका निभाई थी।
शहीदी दिवस पर शहर के पंचायत भवन परिसर में शहीदी दिवस कार्यक्रम का आयोजन हुआ, जिसमें स्वतंत्रता सेनानियों, युद्ध वीरांगनाओं व उनके आश्रितों का प्रशासन की ओर से एसडीएम प्रदीप डागर ने मान-सम्मान किया।
डागर ने कहा कि स्कूली विद्यार्थियों द्वारा भाषण और स्लोगन लेखन स्पर्धाओं में भागीदारी करने से उनमें बचपन से ही देशभक्ति की भावना जागृत होती है।