फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

रेवाड़ी की बहू बनीं पूर्व मिस इंडिया सयाली भगत

Sat, 14 Dec 2013 10:21 PM IST
रेवाड़ी/गोपाल वशिष्ठ
विज्ञापन
विज्ञापन
पूर्व मिस इंडिया (2004) और एक्ट्रेस सयाली भगत रेवाड़ी के एक सैनिक परिवार की बहू बन गई हैं।
विज्ञापन


उन्होंने जाटूसाना ढाणी निवासी व्यवसायी नवनीत प्रताप सिंह के साथ दस दिसंबर को मुंबई में शादी की। नवनीत विजय दिवस एवं रेजांगला शहीदी समारोह समिति के पूर्व अध्यक्ष मेजर डॉ. टीसी राव के बेटे हैं और दिल्ली में अपना व्यवसाय करते हैं।

वैवाहिक बंधन में बंधने के बाद सयाली शुक्रवार को पहली बार अपनी ससुराल पहुंची, जहां पारंपरिक रूप से उनका जोरदार स्वागत किया गया। नवविवाहित जोड़े ने अपने गोत्र कोसलिया के कुलदेवता के धाम कोसली स्थित बाबा मुक्तेश्वरपुरी धाम, अपने गांव के शिव मंदिर और पुरखों की समाधियों पर मत्था टेका। नवदंपति ने ग्रामीणों का भी आशीर्वाद लिया।
विज्ञापन


दहेज रहित शादी की मिसाल पेश की
इस शादी की खास बात रही कि इसमें साधन संपन्न परिवारों ने दहेज न लेने और न ही देने का फैसला लिया और केवल एक रुपये शगुन के साथ समारोह संपन्न हुआ। दहेज प्रथा के खिलाफ मिसाल पेश करने के लिए ग्रामीणों और शहर के प्रबुद्ध लोगों ने वर-वधू पक्ष को बधाई दी। समारोह में पधारे पूर्व मेजर जनरल उग्रसेन यादव, ब्रिगेडियर डीएन यादव, कर्नल महाबीर सिंह, कर्नल रामनिवास, सुनील यादव व भाजपा नेता लक्ष्मण सिंह यादव ने विभिन्न संगठनों की ओर से दहेज रहित विवाह एवं परंपरागत जुड़ाव के लिए मेजर राव को बधाई दी।


अहीरवाल की संस्कृति का कायल हुआ सयाली का परिवार
गुजरात के सूरत शहर से पधारे वधू पक्ष के करीब आधा दर्जन सदस्य अहीरवाल की संस्कृति से रूबरू हुए। सयाली के मायके वाले यहां की वैवाहिक रस्मों में बुजुर्गों के मान-सम्मान की परंपरा को देखकर भावविभोर हो गए। सयाली के पिता एडवोकेट दीपक भगत, माता अनाधा, बहन आम्रपाली कोसली धाम, शिव मंदिर एवं सेढ़-मसानी पूजन में साथ रही। समारोह में परिवार बुजुर्ग निहाल कौर, सूबेदार श्योताज सिंह, सोहनलाल, शादीराम, रामसिंह, डॉ. दारा सिंह, मदन कोसलिया, कमलेश व नवदीप ने भी नवदंपति को आशीर्वाद दिया।
विज्ञापन



फिल्मों में काम करती रहूंगी : सयाली
सयाली ने कहा कि वे घर वालों की मर्जी से शादी करके बेहद खुश हैं। उन्होंने कहा कि वे शादी के बाद भी अभिनय क्षेत्र से जुड़ी रहेंगी। सयाली भगत अनेक मराठी, बंगाली, कन्नड़ फिल्मों के अलावा करीब आधा दर्जन हिंदी फिल्मों में काम कर चुकी हैं। वे द ट्रेन, गुड लक, हल्ला बोल, पेइंग गेस्ट, जेल, घोस्ट और राजधानी एक्सप्रेस जैसी कई फिल्मों में काम कर चुकी हैं।

और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें