जिले में स्लॉटर हाउस खोलने का विरोध कर रहे संत गोपाल दास को चार समर्थकों समेत सोमवार को सेक्टर-37 पुलिस ने हिरासत में ले लिया। संत गोपाल दास को कुछ दिन पहले ही सेक्टर-12 से उठाकर इलाज के लिए जिला प्रशासन ने एम्स दिल्ली में भर्ती कराया था।
सोमवार को एम्स से निकलने के बाद वह चार समर्थकों के साथ जिले में प्रवेश करने का प्रयास कर रहे थे। तभी टोल प्लाजा के पास उन्हें सेक्टर-37 थाना पुलिस ने हिरासत में ले लिया। हिरासत में लिए गए समर्थक अरविंद त्यागी ने बताया कि टोल प्लाजा के पास उन्हें दो बजे हिरासत में लिया था। थाने के बाहर संत ने अपना अनशन समाप्त कर दिया। जिले में स्लॉटर हाउस को खुलने नहीं दिया जाएगा, इसके लिए लंबी लड़ाई के लिए जल्द ही रणनीति तैयार की जाएगी। गौरतलब है कि प्रस्तावित स्लॉटर हाउस की जगह गौशाला खोलने की मांग को लेकर गोपाल दास सेक्टर-12 में लघु सचिवालय के बाहर अनशन पर बैठे थे। सेक्टर-37 थाना पुलिस के अनुसार, खबर लिखे जाने तक संत गोपाल दास व उनके समर्थक पुलिस स्टेशन मेें ही थे।