रोहतक। रोजगार विभाग 20 से 24 जुलाई तक व्यावसायिक सप्ताह का आयोजन करने जा रहा। इसका उद्देश्य युवाओं को रोजगार, स्वरोजगार और कॅरिअर के अवसरों पर मार्गदर्शन देना है।
उपायुक्त सचिन गुप्ता ने बताया कि यह सप्ताह रोजगार कार्यालयों और विश्वविद्यालय रोजगार सूचना एवं मार्गदर्शन केंद्रों में आयोजित होगा। इस दौरान विभिन्न शिक्षण संस्थानों में कार्यक्रम किए जाएंगे। इनमें विद्यार्थियों को व्यावसायिक मार्गदर्शन, रोजगार विकल्पों और स्वरोजगार योजनाओं की जानकारी दी जाएगी।
विशेषज्ञ योग्यता और रुचि के अनुसार कॅरिअर चयन में मदद करेंगे। महर्षि दयानंद विश्वविद्यालय में कॅरिअर वार्तालाप और परामर्श कार्यक्रम भी होंगे। इनमें वर्तमान रोजगार परिदृश्य और कौशल विकास पर चर्चा होगी।
पूर्व विद्यार्थी, वर्तमान विद्यार्थी, अभिभावक और इच्छुक नागरिक इन निशुल्क कार्यक्रमों में भाग ले सकते हैं। उपायुक्त ने युवाओं से अधिक संख्या में भाग लेने का आह्वान किया है।